लोकसभा में आज FCRA संशोधन विधेयक पर हो सकती है चर्चा
नई दिल्ली, 6 अगस्त- संसद के मानसून सत्र के दौरान आज विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक (FCRA Amendment Bill) पर लोकसभा में चर्चा होने की संभावना है। यह विधेयक इस वर्ष बजट सत्र में पेश किया गया था, लेकिन उस समय इस पर चर्चा नहीं हो सकी थी।
एफसीआरए कानून यह तय करता है कि भारत में कौन-कौन से एनजीओ, ट्रस्ट, धार्मिक और सामाजिक संगठन विदेशी चंदा प्राप्त कर सकते हैं तथा उसका उपयोग किस प्रकार किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विदेशी धन का इस्तेमाल राष्ट्रीय सुरक्षा या जनहित के विरुद्ध न हो।
सूत्रों के अनुसार, यदि आज विधेयक चर्चा के लिए आता है तो गृह मंत्री अमित शाह इसका जवाब दे सकते हैं। विपक्ष लगातार सदन में अमित शाह की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाता रहा है।
20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र के दौरान लोकसभा का प्रश्नकाल अब तक बिना किसी व्यवधान के चला है। हालांकि, सदन में हंगामे के बीच पांच विधेयक बिना चर्चा के पारित हो चुके हैं। इस बीच विपक्ष नीट पेपर लीक और राम मंदिर की भेंट में कथित चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है।

