सुखबीर बादल की जान बचाने वाले पुलिसकर्मी से हरसिमरत कौर बादल ने की मुलाकात
महाराष्ट्र, 14 अगस्त - शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने नांदेड़ में हुए हमले के दौरान अपने पति सुखबीर सिंह बादल की जान बचाने के लिए महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्र का शुक्रिया अदा किया और अस्पताल जाकर उनका हाल-चाल जाना।
इस मौके पर उन्होंने लिखा कि नांदेड़ में हुए हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल जी की जान बचाने में दिखाई गई बहादुरी के लिए मैं महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्र को सलाम करती हूँ। संतोष, आप सुखबीर जी और हमलावर के बीच एक इंसानी ढाल बनकर खड़े रहे और उनकी सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। ऐसा करके आप ने हमें याद दिलाया कि वर्दी पहनने का असल मतलब क्या है - खुद से ऊपर ड्यूटी को और डर से ऊपर हिम्मत को रखना।
बादल परिवार पूरे दिल से आपके सामने नतमस्तक है। आपकी बहादुरी कभी नहीं भुलाई जाएगी। भगवान आपको जल्द स्वस्थ करे।

