UP: राम मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष को सौंपी जाएगी इन तीन नामों की सूची
अयोध्या, 13 अगस्त - श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। अंतिम साक्षात्कार पूरा होने के साथ सीईओ चयन की गेंद अब सर्च कमेटी के पाले से निकलकर ट्रस्ट के पाले में पहुंचने वाली है। समिति पहले तीन नामों का पैनल तैयार करेगी और उसे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल को सौंपेगी। वहीं, CEO पद के लिए कई सवाल भी पूछे गए हैं, इसके बाद इस पर अंतिम फैसला लिया गया।
इसके बाद ट्रस्ट स्तर पर तीनों नामों पर विचार कर एक उम्मीदवार के चयन का निर्णय लिया जाएगा। यानी अब 16 उम्मीदवारों की दौड़ सिमटकर तीन नामों तक पहुंचेगी और फिर इन्हीं में से किसी एक को राम मंदिर का पहला सीईओ बनने का अवसर मिलेगा।
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक दो सिंतबर को होनी है, पूरी संभावना है कि इस दिन राम मंदिर के पहले सीईओ की घोषणा हो जाएगी। अंतिम चरण तक पहुंचने वाले उम्मीदवारों में सेना के पूर्व अधिकारी, सेवानिवृत्त आईएएस-आईपीएस अधिकारी और अलग-अलग सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके पेशेवर शामिल हैं।

