दिल्ली-NCR में झूमकर आया सावन: पारा 5.2 से 7.1 डिग्री तक कम रहा

नई दिल्ली, 6 अगस्त - दिल्ली समेत एनसीआर में मानसून जमकर बरस रहा है। ऐसे में बुधवार देर रात से शुरू हुई सावन की पहली अच्छी बारिश का दौर बृहस्पतिवार शाम तक भी चला। सुबह से ही झमाझम बारिश हुई। सप्ताह बाद दिल्ली में इस तरह की बारिश हुई। बारिश से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन यही बारिश आफत भी लेकर आई। कुछ देर की बारिश ने दिल्ली को ''स्विमिंग पूल'' सा बना दिया था। बाजारों में घुटनों तक पानी भर गया था। सदर बाजार में संकरी गलियों में घुटनों तक पानी भर गया था। गंदे पानी और तैरते कचरे के बीच लोगों, बच्चों और खरीदारों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई दुकानों में पानी भी घुस गया।
सड़कों पर पानी जमा हो गया था। इससे गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। वहीं, प्रीत विहार में एक विशालकाय बरगद का पेड़ गिर गया। बारिश के कारण गिरे इस पेड़ के नीचे तीन कारें दब गई हैं। बरगद गिरने से किसी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मानक केंद्र में 56 एमएम बारिश हुई। सुबह 11:30 बजे तक लोधी रोड में सबसे ज्यादा 50.6 मिमी बारिश हुई। रिज में 36.4, फार्मा साइंस रिसर्च में 30, छतरपुर में 27.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, 11:30 से 2:30 बजे तक जाफरपुर में 25 बारिश हुई। रिज में 18.0 मिमी, पूसा में 12.5 और लोधी रोड में 9.8 मिमी बारिश हुई। वहीं, 2:30 से 5:30 बजे तक नजफगढ़ में दो, जनकपुरी में एक और केवीके सीआरपीएफ कैंपस में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। 

 
#दिल्ली-NCR