Kanwar Yatra: नमो भारत के 17 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार कल से बंद, पार्किंग को लेकर भी निर्देश जारी
नई दिल्ली, 3 अगस्त - राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सोमवार को घोषणा की है कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 4 से 12 अगस्त तक नमो भारत के 17 स्टेशनों के कई प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे। इन स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी सीमित रहेगी। ये अस्थायी प्रतिबंध प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार लगाए गए हैं। इनका उद्देश्य वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सुगम बनाना है।
प्रभावित स्टेशनों में मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर और गाजियाबाद शामिल हैं। अधिकांश स्टेशनों पर गेट नंबर-दो बंद रहेगा। बेगमपुल में गेट-दो और तीन बंद रहेंगे, जबकि दुहाई में गेट तीन और चार बंद रहेंगे। गाजियाबाद स्टेशन पर गेट तीन और पांच बंद रहेंगे। इन स्टेशनों के प्रभावित हिस्सों पर पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों को नमो भारत सेवाओं का उपयोग करने के लिए संबंधित स्टेशनों पर उपलब्ध वैकल्पिक प्रवेश और निकास द्वारों का उपयोग करने की सलाह दी है। निगम ने हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। नमो भारत ट्रेन सेवाएं सराय काले खां-मोदीपुरम कॉरिडोर पर सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। ट्रेनें 14 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हर आठ मिनट पर चलेंगी।

