नेशनल पेपर डे पर उद्योग जगत ने दिया संदेश

नई दिल्ली, 1 अगस्त - दिल्ली के भारत मंडपम में नेशनल पेपर डे के अवसर पर फेडरेशन ऑफ पेपर ट्रेडर्स एसोसिएशन (एफपीटीए) ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में कागज उद्योग से जुड़े बड़े उद्योगपति, कारोबारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था कि पेपर सिर्फ एक उत्पाद नहीं, बल्कि पर्यावरण, शिक्षा, रोजगार और टिकाऊ विकास का मजबूत आधार है। वक्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पेपर आधारित उत्पाद अपनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाने की अपील की।
 
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा इस्तेमाल किया गया पेपर दोबारा इकट्ठा किया जाता है, ये दोबारा भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी वजह से पेपर दुनिया की सबसे अधिक रीसायकल होने वाली सामग्रियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पेपर बैग, फोल्डिंग कार्टन और अन्य पेपर आधारित पैकेजिंग तेजी से दूसरे विकल्पों की जगह ले रहे हैं। ई-वेस्ट से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में भी पेपर आधारित पैकेजिंग अहम भूमिका निभा रही है। हालांकि, उद्योग के सामने चुनौती यह है कि पेपर आधारित उत्पाद बेहतर गुणवत्ता के साथ प्रतिस्पर्धी कीमत पर उपलब्ध कराए जाएं।

#नेशनल पेपर डे