चंडीगढ़ में कोर्ट के कब्ज़ा दिलाने पहुंची महिला को वकील ने मारी गोली

चंडीगढ़, 1 अगस्त - चंडीगढ़ के सेक्टर-42 में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब अदालत के आदेश पर मकान का कब्ज़ा दिलाने पहुंची एक महिला को कथित तौर पर मकान में रह रहे एक वकील ने पुलिस और कोर्ट की टीम की मौजूदगी में गोली मार दी। गोली महिला के सिर में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी अधिवक्ता जेपीएस चड्ढा को गिरफ्तार कर उसका लाइसेंसी हथियार जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार घायल महिला मनविंदर कौर, सेक्टर-19 की निवासी हैं। वह अदालत के आदेश के तहत अपने मकान का कब्ज़ा लेने के लिए पुलिस और कोर्ट अधिकारियों के साथ सेक्टर-42 स्थित घर पहुंची थीं। पुलिस के अनुसार मकान का दरवाज़ा अंदर से बंद था। कोर्ट के निर्देश पर जब ताला तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई, तभी आरोपी अधिवक्ता जेपीएस चड्ढा बालकनी में आए और अपनी लाइसेंसी दो नाली बंदूक से नीचे खड़ी महिला पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि मकान खाली कराने के लिए अदालत का आदेश था और उसी के पालन में टीम मौके पर पहुंची थी। दरवाज़ा नहीं खुलने पर ताला तोड़ने की कार्रवाई की जा रही थी, तभी यह फायरिंग की घटना हुई।

वहीं, आरोपी के बेटे ध्रुववंश प्रताप सिंह चड्ढा ने दावा किया कि उनका परिवार पिछले 36 वर्षों से इस मकान में रह रहा है और उनके पास अदालत का स्टे ऑर्डर मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और मकान मालिक जबरन घर में घुसे और उनके 67 वर्षीय पिता के साथ मारपीट की गई।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, अदालत के दस्तावेज़ों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। घायल महिला की मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 
#चंडीगढ़ में कोर्ट के कब्ज़ा दिलाने पहुंची महिला को वकील ने मारी गोली