चंडीगढ़ में भारी बारिश, पंजाब के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
चंडीगढ़, 22 जुलाई - पंजाब के कई जिलों और पड़ोसी हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम हो गया है। पठानकोट में रातभर तेज बारिश हुई, जबकि चंडीगढ़ में सुबह 6 बजे से मूसलाधार बारिश जारी रही।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने 22 जुलाई के लिए पंजाब में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया, जबकि बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के 20 जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें 11 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), रूपनगर और मोहाली शामिल हैं। वहीं अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी आधी रात से लगातार भारी बारिश हो रही है। कुल्लू जिले में मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई सड़कें बंद हो गई हैं।

