'बिट्टू बेवजह इस मुद्दे को उभार रहे, 'सतलुज' फिल्म पर विवाद खड़ा करना ठीक नहीं' – कैप्टन अमरिंदर सिंह

चंडीगढ़, 14 जुलाई (संदीप कुमार माहना)- पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने फिल्म 'सतलुज' को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिट्टू बिना किसी जरूरत के इस मुद्दे को उछाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों को राजनीतिक रंग देने के बजाय संयम और जिम्मेदारी के साथ पेश आना चाहिए।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब पहले ही कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में राज्य का माहौल खराब करने वाले बयानों से बचना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि यदि किसी फिल्म या कलात्मक रचना को लेकर किसी को आपत्ति है, तो उसके लिए कानूनी प्रक्रिया और सेंसर से जुड़ी संस्थाएं मौजूद हैं। इसे बेवजह राजनीतिक मुद्दा बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि पंजाब ने अतीत में हिंसा और अशांति का दौर देखा है, इसलिए सभी राजनीतिक नेताओं को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए जो लोगों की भावनाओं को भड़काएं या समाज में अनावश्यक तनाव पैदा करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में अमन-शांति और भाईचारे को हर हाल में बनाए रखना चाहिए।

गौरतलब है कि 'सतलुज' फिल्म को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाल ही में फिल्म के निर्माताओं और कलाकारों पर तीखे सवाल उठाए थे। इसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा के बाद अब कैप्टन अमरिंदर सिंह भी इस मामले में खुलकर सामने आए हैं।
 

 
#'बिट्टू बेवजह इस मुद्दे को उभार रहे
# 'सतलुज' फिल्म पर विवाद खड़ा करना ठीक नहीं' – कैप्टन अमरिंदर सिंह