चंडीगढ़ में चन्नी गुट की बैठक, नहीं खोले पत्ते
चंडीगढ़, 9 जुलाई (विक्रमजीत सिंह मान)- चंडीगढ़ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुट की अहम बैठक हुई। बैठक में सुखजिंदर सिंह रंधावा, परगट सिंह, भारत भूषण आशु, गुरकीरत कोटली, बरिंदरजीत पाहड़ा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
बैठक के बाद राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि सभी नेता उनका मनोबल बढ़ाने के लिए एकजुट होकर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कपूरथला में उनके साथ अन्याय हुआ है और लोकतंत्र की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ गलत हुआ है तो वे चुप नहीं बैठेंगे और न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह के सवाल पर राणा गुरजीत ने कहा कि उनकी भूपेश बघेल से अभी बातचीत नहीं हुई है, लेकिन पार्टी सचिव सूरज ठाकुर से बात हुई है और जल्द ही वे भूपेश बघेल से भी मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान में कोई किसी से ऊपर या बाहर नहीं है और समय आने पर सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी। बैठक के अंदर क्या चर्चा हुई, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और इसका खुलासा करना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी नेता मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे।

