कमरे की छत गिरने से सो रहे परिवार पर टूटा कहर, मां-बेटे की मौत, दो गंभीर घायल
तलवंडी साबो, (बठिंडा), 14 जुलाई (रणजीत सिंह राजू)- पंजाब के ऐतिहासिक नगर तलवंडी साबो में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के कमरे की छत अचानक गिरने से कमरे में सो रहे परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के सीवरेज विभाग में कार्यरत धर्म सिंह उर्फ काला का परिवार रात करीब 11 बजे कमरे में सो रहा था। इसी दौरान कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई।
हादसे में धर्म सिंह की पत्नी वीरपाल कौर (40) और बेटे अरशदीप सिंह (14) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी दो बेटियां सनमप्रीत कौर और खुशप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का इलाज एम्स बठिंडा में चल रहा है।
घटना पर नगर परिषद अध्यक्ष कुलवीर कौर सरां सहित कई लोगों ने गहरा दुख जताया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे नगर में शोक की लहर फैल गई है।

