बठिंडा में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौ.त
संगत मंडी (बठिंडा), 1 जुलाई - बठिंडा-डबवाली मार्ग पर गांव जोधपुर रूमाणा और गुरुसर सैनेवाला के पास बुधवार सुबह एक ट्रॉला और पिकअप वाहन की भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और समाजसेवी संस्थाएं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन राजस्थान के बाड़मेर से आए श्रद्धालुओं का था। सभी यात्री अमरनाथ यात्रा पर जा रहे थे और डबवाली से बठिंडा की ओर बढ़ रहे थे। गुरुसर सैनेवाला के पास उनकी गाड़ी भारतमाला सड़क पर खड़े एक ट्रॉले से टकरा गई।
घायलों को इलाज के लिए एम्स बठिंडा में भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। संगत थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

