इंडोनेशिया में बड़ा समुद्री हादसा: यात्रियों से भरी नाव में लगी भीषण आग, पांच लोगों की मौत, 41 अब भी लापता

नई दिल्ली, 2 अगस्त - इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार को एक यात्री फेरी (नौका) में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव दल युद्धस्तर पर तलाश अभियान चला रहे हैं।
 
खोज एवं बचाव एजेंसी के मुताबिक, फेरी में कुल 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया शहर से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर के लिए रवाना हुई थी। हादसा यात्रा के दौरान मदुरा द्वीप के निकट समुद्री क्षेत्र में हुआ।
 
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की घटना रविवार सुबह हुई, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फेरी में आग किस वजह से लगी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
 

 
#इंडोनेशिया