आफत की बारिश: बाढ़-भूस्खलन से केरल में आठ, कर्नाटक में तीन की मौत
नई दिल्ली, 2 अगस्त - देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन ने भीषण तबाही मचाई है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आज यानी दो अगस्त को यूपी, बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, केरल में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ अन्य लापता हैं। वर्षाजनित हादसों में 13 लोग घायल भी हुए हैं।
मौसम विभाग की ओर से राजस्थान, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। केरल में रविवार को मूझियार, कल्लारकुट्टी, एराट्टयार, लोअर पेरियार, पोरिंगलकुथु बांधों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
केरल में शनिवार को हुई भारी बारिश के चलते आठ लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण 27 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। राज्यभर में बनाए गए 209 राहत शिविरों में 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

