पंजाब और चंडीगढ़ में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, 28-29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी

चंडीगढ़, 27 जुलाई- पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। बीती रात से कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज (27 जुलाई) से अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं 28 और 29 जुलाई के लिए भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर सामान्य के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ में रात तक 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे पंजाब में बारिश होने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में गरज-चमक और बिजली के साथ भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), एसएएस नगर (मोहाली), लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, बरनाला, मुक्तसर और बठिंडा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

 
#पंजाब और चंडीगढ़ में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
# 28-29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी