हिमाचल में बारिश का कहर जारी, 145 सड़कें बंद, 508 ट्रांसफार्मर ठप, जुलाई में 66 लोगों की मौत
शिमला, 21 जुलाई - हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। सोमवार को भी शिमला सहित कई जिलों में सुबह से बारिश का दौर जारी रहा, जिससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं।
बारिश के चलते प्रदेश में 145 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा 508 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जबकि 43 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित होकर बंद पड़ी हैं।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में मानसून के दौरान लगातार बारिश हो रही है और जगह-जगह भूस्खलन व फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि किन्नौर में फ्लैश फ्लड से काफी नुकसान हुआ है और अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाओं से कई पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़कें बंद हुई हैं, वहां उन्हें बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और जल्द ही यातायात बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने में दुर्घटनाओं और बारिश से जुड़ी घटनाओं सहित विभिन्न कारणों से 66 लोगों की मौत हो चुकी है।
सोनम ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है

