हिमाचल में मानसून की दस्तक से पहले पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट


*आज 5 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' और अंधड़-ओलावृष्टि की चेतावनी
* 14 जून से मिलेगी राहत की सभावना
शिमला  12 जून - हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। राज्य में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के कारण आगामी दो दिनों तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश, आसमानी बिजली, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि का दौर जारी रहने की आशंका है।गत 24 घण्टों के दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित मैदानी क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बिगड़ते मिजाज को देखते हुए राज्य के सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है, जबकि 14 जून से मौसम साफ होने के साथ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने कहा पश्चिमी विक्षोभ के कारण गत 24 घण्टों के दौरान प्रदेश भर में बारिश दर्ज की गई। कसौली में सबसे अधिक 10 सेमी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सोलन जिले के कसौली और धर्मपुर में ज्यादा बारिश हुई है। आज WD के प्रभाव के कारण 5 जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है ।आज12 जून को सिरमौर, शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी ओलावृष्टि की पूरी आशंका है जिसके कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।।
बाकी प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और चंबा सहित अन्य क्षेत्रों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शोभित कटियार ने कहा कि इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 13 जून के बाद कम होना शुरू हो जाएगा।
14 जून से मौसम में WD का असर कम होगा, पर ऊंचे पहाड़ों पर बादलों की लुक्का छिप्पी के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। 14 जून से मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को इस अंधड़ और ओलावृष्टि की आफत से बड़ी राहत मिलेगी। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में 14 जून के बाद भी बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पारा गिरेगा: गर्मी से मिलेगी 4 डिग्री तक की राहत  भारी बारिश और अंधड़ के कारण पूरे हिमाचल प्रदेश में दिन के तापमान में 2°C से 4°C तक की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
14 जून के बाद: मैदानी और मध्य पहाड़ी इलाकों में धूप खिलते ही तापमान एक बार फिर से बढ़ना शुरू होगा। फिलहाल मैदानी इलाकों में तापमान 32°C से 36°C और मध्य पहाड़ियों में 28°C से 32°C के बीच बना हुआ है।वहीं उन्होंने कहा कि मानसून 25 जून तक प्रवेश करता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के दक्षिणी प्रायद्वीप और उत्तर-पूर्वी राज्यों को कवर करते हुए पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है और लगातार उत्तर-पश्चिम भारत (हिमाचल) की ओर बढ़ रहा है। 

#हिमाचल . मानसून