PM Modi ने 'नशा मुक्त युवा - विकसित भारत संकल्प अभियान' का किया शुभारंभ, बोले- यह अभियान व्यक्ति से लेकर राष्ट्र निर्माण तक का संकल्प
नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'नशा मुक्त युवा - विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ करते हुए देशवासियों से नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण संकल्प है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज हम सब एक महान और महत्वपूर्ण संकल्प के लिए एकजुट हुए हैं। आज हम सभी जिस अभियान के साक्षी बन रहे हैं, वह अभियान व्यक्ति के लिए है, परिवार के लिए है, समाज के लिए भी है और सबसे बड़ी बात है कि यह राष्ट्र के लिए है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार, समाज और देश पर पड़ता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं से देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए नशा मुक्त जीवन अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति की सबसे बड़ी भूमिका है। उन्होंने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और संस्थानों से इस अभियान को जन आंदोलन बनाने का भी आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से भारत को नशा मुक्त बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

