दिल्ली: रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 2 अगस्त - राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार को पुलिस और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने एसीपी अजमेर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए गैंग के दो कथित शार्प शूटर राहुल और विशाल को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ UER हाईवे के पास हुई, जहां पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी कंझावला के हरीश हत्याकांड में वांछित बताए जा रहे हैं। दोनों को घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मौके से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

 
#दिल्ली: रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
# टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार