चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के साथ बैठक के मद्देनज़र 3 अगस्त को एक दिन के लिए खुलेगी फिरोज़पुर कोर्ट, 'नो वर्क' आंदोलन रहेगा स्थगित

फिरोज़पुर, 2 अगस्त (राकेश चावला)- डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन फिरोजपुर ने अपने सभी सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण नोटिस जारी करते हुए जानकारी दी है कि 3 अगस्त को माननीय चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के साथ एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक को ध्यान में रखते हुए बार एसोसिएशन ने चल रहे 'नो वर्क' आंदोलन को एक दिन के लिए स्थगित कर कोर्ट का कार्य सामान्य रूप से करने का निर्णय लिया है।

बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल 3 अगस्त के लिए ही लागू रहेगा। यदि इसके बाद कोई नया निर्देश जारी नहीं किया जाता, तो पहले से चल रहा 'नो वर्क' आंदोलन' पूर्व की भांति जारी रहेगा।

एसोसिएशन ने यह भी बताया कि माननीय न्यायिक अधिकारियों से मौखिक अनुरोध किया जाएगा कि इस एक दिन के दौरान किसी भी वकील या वादकारी (लिटिगेंट) के विरुद्ध कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए, ताकि बार एसोसिएशन के इस निर्णय को सफलतापूर्वक लागू किया जा सके।

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन फिरोजपुर के प्रधान लवजीत पाल टुरना, उपप्रधान जोबनजीत सिंह सिद्धू तथा महासचिव नील रतन शर्मा ने जिले की समस्त कानूनी बिरादरी से अपील की है कि वे 3 अगस्त को न्यायालय की कार्यवाही में भाग लें तथा बार एसोसिएशन के आगामी निर्देशों और निर्णयों का पालन करें।

इस निर्णय को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के साथ होने वाली महत्वपूर्ण बैठक के मद्देनज़र न्यायिक प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने की दिशा में एक अस्थायी और विशेष कदम माना जा रहा है।

 
#चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के साथ बैठक के मद्देनज़र 3 अगस्त को एक दिन के लिए खुलेगी फिरोज़पुर कोर्ट
# 'नो वर्क' आंदोलन रहेगा स्थगित