RRB लेवल-1 परीक्षा: अभ्यर्थियों के लिए उत्तर रेलवे चलाएगा अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, 3 से 6 अगस्त तक मिलेगी सुविधा

फिरोजपुर, 1 अगस्त (राकेश चावला)- रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) लेवल-1 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक विभिन्न अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इसका उद्देश्य परीक्षार्थियों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाना है।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 04601 फिरोजपुर कैंट–अमृतसर जंक्शन स्पेशल प्रतिदिन रात 11:00 बजे फिरोजपुर कैंट से रवाना होगी और जालंधर सिटी स्टेशन पर ठहराव करेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04602 अमृतसर जंक्शन–फिरोजपुर कैंट स्पेशल शाम 4:20 बजे अमृतसर से चलेगी और जालंधर सिटी होते हुए फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 04603 लुधियाना जंक्शन–जालंधर सिटी स्पेशल प्रतिदिन सुबह 4:25 बजे लुधियाना से रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 04604 जालंधर सिटी–लुधियाना जंक्शन स्पेशल रात 8:50 बजे जालंधर सिटी से प्रस्थान करेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 04605 मुक्तसर–फगवाड़ा जंक्शन स्पेशल रात 12:15 बजे मुक्तसर से चलेगी। यह ट्रेन कोटकपूरा, फरीदकोट, फिरोजपुर कैंट और लुधियाना जंक्शन में ठहराव करते हुए फगवाड़ा पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04606 फगवाड़ा जंक्शन–मुक्तसर स्पेशल शाम 4:20 बजे फगवाड़ा से रवाना होगी और लुधियाना जंक्शन, फिरोजपुर कैंट, फरीदकोट तथा कोटकपूरा होते हुए मुक्तसर पहुंचेगी।

उत्तर रेलवे ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। रेलगाड़ियों से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यात्री रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

 
#RRB लेवल-1 परीक्षा: अभ्यर्थियों के लिए उत्तर रेलवे चलाएगा अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
# 3 से 6 अगस्त तक मिलेगी सुविधा