5 अगस्त को कॉकरोच जनता पार्टी की अहम बैठक, आगे की रणनीति पर होगा फैसला

छत्रपति संभाजीनगर, 2 अगस्त - नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में आंदोलन चलाने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की कोर कमेटी की अहम बैठक 5 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में होगी। बैठक में संगठन की आगे की रणनीति और भविष्य के कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के आवास पर आयोजित होगी। इसमें आंदोलन से जुड़े प्रमुख सदस्य हिस्सा लेंगे और पिछले आंदोलन के अनुभवों के साथ आगे की कार्ययोजना पर विचार करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने चले करीब एक महीने लंबे आंदोलन के बाद संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से कुछ समय परिवार के साथ बिताने को कहा था। साथ ही उन्हें छात्रों और स्वयंसेवकों से बातचीत कर उनके सुझाव जुटाने और 5 अगस्त की बैठक में उन्हें साझा करने के लिए कहा गया है। ये बैठक खत्म होने के बाद सीजेपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इसमें संगठन अपनी आगामी रणनीति और आगे होने वाले आंदोलनों या कार्यक्रमों की घोषणा कर सकता है।

 
#कॉकरोच जनता पार्टी
# बैठक