इंडोनेशिया में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से 174 लोगों की मौत, 79 लापता
जकार्ता, 28 नवंबर - इंडोनेशिया के आचेह, उत्तर सुमात्रा और पश्चिम सुमात्रा प्रांतों में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) द्वारा शुक्रवार को जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, आपदा में अब तक 174 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 79 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा, 12 लोग घायल हुए हैं और हजारों परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
सबसे ज्यादा जनहानि उत्तर सुमात्रा प्रांत में हुई है, जहां 116 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 42 लोग अब भी लापता हैं। लगातार जारी भूस्खलन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण कई प्रभावित गांवों तक बचाव टीमों का पहुंचना बेहद कठिन हो गया है। कई क्षेत्रों में भारी मलबा जमा होने से रेस्क्यू मिशन में देरी हो रही है।
आचेह प्रांत में 35 लोगों की मौत हुई है, 25 लोग लापता हैं और 8 लोग घायल हुए हैं। वहीं पश्चिम सुमात्रा में 23 मौतें दर्ज की गई हैं, 12 लोग लापता हैं और 4 घायल बताए जा रहे हैं। इन तीनों प्रांतों में स्थानीय प्रशासन, सेना और राष्ट्रीय बचाव दल संयुक्त रूप से राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। आपदा के चलते कई जिलों में सड़कें, पुल और स्थानीय इन्फ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लगभग 3,900 परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है, जहां उन्हें भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जा रही है।

