दिल्ली-NCR में बदला मौसम: आसमान में छाए बादल, कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश
नई दिल्ली, 29 जून - दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर तक भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल नजर आए। शाम होने के साथ ही मौसम ने अचानक करवट बदली। आसमान में बादल छाने के साथ ही गरज और बारिश हुई। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम समेत एनसीआर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। दिल्ली मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली , पूर्वी दिल्ली, शाहदरा , मध्य दिल्ली , उत्तर-पूर्वी दिल्ली , दक्षिणी दिल्ली , नई दिल्ली, दक्षिण-पक्षिमी दिल्ली, पक्षिमी दिल्ली, उत्तर-पक्षिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन/आकाशीय बिजली/अचानक तेज हवा/आंधी (70-80 किमी/घंटा की गति से हवा जो 90 किमी/घंटा की रफ्तार तक पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ धूप और तेज होती गई। दोपहर एक-दो बजे लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का भी अहसास हुआ। हालांकि, दोपहर बाद में बादलों की आवाजाही हुई। एनसीआर के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 52 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
वहीं, न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, अधिकतम 70 और न्यूनतम आर्द्रता 37 फीसदी दर्ज की गई। यही नहीं, बीते पांच दिन में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में साथ डिग्री के लगभग की बढ़ोतरी हुई है।

