दिल्ली समेत 15 राज्यों में आज बारिश का यलो अलर्ट
नई दिल्ली, 7 अगस्त - दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और पहाड़ों पर भूस्खलन ने मुसीबत बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। बृहस्पतिवार की सुबह से दोपहर तक हुई बारिश में राजधानी के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। इससे स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। दिल्ली में बृहस्पतिवार को 56 मिमी बारिश हुई, जिसके चलते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिर गया। इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। वहीं, गुरुग्राम में 117 मिमी बारिश हुई।वहीं, पहाड़ों पर भूस्खलन ने मुसीबत बढ़ा दी है। कई जगह रास्ते बंद हैं। उत्तराखंड में 132 और हिमाचल प्रदेश में 120 समेत 250 से अधिक सड़कें बंद हैं। भारी बारिश से जम्मू-कश्मीर में शोपियां में सेब के बागों को भारी नुकसान होने की सूचना है। मौसम विज्ञान विभाग ने यहां नौ से 12 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

