दिल्ली-एनसीआर का हाल: जलभराव से थमी रफ्तार; लोगों की बढ़ी मुश्किलें
नई दिल्ली, 7 अगस्त - दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मानसून जमकर बरस रहा है। शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बीते बुधवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन जगह-जगह जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
शुक्रवार सुबह राजधानी में लगातार हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तरों के लिए निकले कर्मचारियों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव से बचने के लिए लोग अलग-अलग उपाय करते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। सात अगस्त को मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

