दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बदलेगा मिजाज, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली, 18 जून - दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम अचानक बदल सकता है।
आईएमडी के मुताबिक, कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ तेज आंधी चलने और बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।

