दिल्ली-एनसीआर में जमकर बदरा बरसे,मौसम हुआ खुशनुमा
नई दिल्ली, 10 जुलाई - दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई। सुबह के समय ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया। बुधवार देर रात से ही कई इलाकों में जमकर बदरा बरसे। हालांकि, इस राहत के साथ कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला। ऑफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।
मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की बहुत संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, अधिकतम 100 और न्यूनतम आर्द्रता 84 फीसदी दर्ज की गई। हालांकि, सफदरजंग मानक केंद्र में बुधवार सुबह 8:30 से बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे तक 105.4 एमएम बारिश हुई।

