राजधानी में पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत जमींदोज हुई
नई दिल्ली, 8 जुलाई - राजधानी में मंगलवार से रह-रहकर हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी में एक पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत जमींदोज हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एल-शेप कोने की इमारत का मलबा सड़क पर आ गिरा। वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार मलबे की चपेट में आ गया, जबकि रोड पर खड़ी कई गाड़ियां भी मलबे की चपेट में आ गईं। अफरा-तफरी के बीच फौरन पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। हादसे के समय इमारत में कई मजदूर काम कर रहे थे। वह मलबे में दब गए। कुछ ही देर बाद पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव का काम शुरू हुआ। मलबे से निकालकर बाइक सवार व दो मजदूरों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
#राजधानी

