संजय राउत ने राम मंदिर ट्रस्ट में 2000 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया
नई दिल्ली, 6 जुलाई - शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मंगलवार को राम मंदिर ट्रस्ट और महाराष्ट्र सरकार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट में वित्तीय अनियमितताओं की कानूनी जांच की मांग की। संजय राउत ने कहा कि केवल इस्तीफों से मामला खत्म नहीं होगा। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र की मिसिंग लिंक परियोजना को लेकर भी राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का आरोप लगाया।
संजय राउत ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद इस्तीफे हुए हैं, लेकिन इससे सवाल खत्म नहीं हो जाते। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि राम मंदिर में हुई लूट का जवाब कौन देगा? संजय राउत ने कहा कि अगर 50 रुपए की चोरी होती है तो आरोपी गिरफ्तार हो जाता है और 10 लाख रुपए का मामला सामने आता है तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्रवाई करता है, लेकिन यहां बीजेपी से जुड़े लोगों और बीजेपी द्वारा गठित राम मंदिर ट्रस्ट पर 550 करोड़ रुपए के नगद घोटाले के आरोप लगे हैं और यह मामला पिछले एक साल से चर्चा में है।

