फुकेट-दिल्ली विमान टर्बुलेंस मामले में नया मोड़, पायलट का दूसरा डोप टेस्ट पॉजिटिव
नई दिल्ली, 11 अगस्त - फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 के पायलट-इन-कमांड की साइकोएक्टिव पदार्थों की जांच दूसरी बार पॉजिटिव आई है। सूत्रों के मुताबिक, 4 अगस्त की घटना के बाद दोनों पायलटों का अनिवार्य स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया था। सह-पायलट की जांच में ऐसी कोई चिंता सामने नहीं आई, जबकि पायलट-इन-कमांड की शुरुआती रिपोर्ट के बाद सैंपल को पुष्टि के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया था, जहां टेस्ट पॉजिटिव आया।
क्या पायलट-इन-कमांड की कंफर्मेटरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई?
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में पायलट-इन-कमांड के सैंपल में आगे विश्लेषण की जरूरत सामने आई थी। इसके बाद नमूना निर्धारित प्रयोगशाला में कंफर्मेटरी टेस्ट के लिए भेजा गया। अब इस जांच की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सूत्रों के मुताबिक, पायलट के सैंपल में साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी पाई गई है। पायलट की जांच में मारिजुआना के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। दोनों पायलटों को जांच पूरी होने तक उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है।

