पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने बनाई प्रदेश चुनाव समिति, हाईकमान ने दी मंजूरी

नई दिल्ली, 18 नवंबर: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव समिति के गठन के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।

इस संबंध में पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने आधिकारिक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव समिति बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

इस फैसले को पंजाब में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। समिति के गठन से पार्टी को चुनावी रणनीति तैयार करने, उम्मीदवारों के चयन और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

अब राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि प्रदेश चुनाव समिति में किन-किन नेताओं को जगह दी जाएगी। सभी की नजरें अब समिति में शामिल होने वाले नेताओं के नामों पर टिकी हैं।

#पंजाब विधानसभा चुनाव 2027