वॉयजर 1 ने अंतरिक्ष में बनाया नया कीर्तिमान, पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला यान बना

केप कैनावेरल, 18 नवंबर - नासा के वॉयजर 1 यान ने अंतरिक्ष में एक नया कीर्तिमान बनाया है। यह पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुंचने वाला पहला मानव निर्मित यान बन चुका है। यह यान लगातार अंतरतारकीय अंतरिक्ष में गहराई तक जा रहा है। करीब 49 साल पहले छोड़ा गया यह अंतरिक्ष यान 26 अरब किलोमीटर से अधिक की अविश्वसनीय दूरी तय कर चुका है। बुधवार को वॉयजर 1 ने महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। अब इसके रेडियो संकेत पृथ्वी तक पहुंचने में ठीक 24 घंटे लेंगे। प्रकाश की गति से यात्रा करते हुए यह एक प्रकाश-दिवस की दूरी है। 
 
प्रकाश एक सेकंड में करीब तीन लाख किलोमीटर की दूरी तय करता है। 24 घंटे में प्रकाश जितनी दूरी तय करता है, उसे एक प्रकाश-दिन कहते हैं। वॉयजर 1 की इस दूरी का मतलब है कि धरती से भेजा गया रेडियो संदेश यान तक पहुंचने में करीब 24 घंटे लेगा। वहीं, उसका जवाब वापस आने में भी 24 घंटे लगेंगे। यानी संदेश भेजने और जवाब पाने में करीब दो दिन लगेंगे।  यह यान आज भी अपने पुराने सिस्टम और परमाणु ऊर्जा से चलने वाले पावर जनरेटर की मदद से काम कर रहा है और अंतरिक्ष से वैज्ञानिक आंकड़े भेज रहा है। वहीं, नासा को उम्मीद है कि वॉयजर 1 को एक पूर्ण प्रकाश-वर्ष तक पहुंचने में 18,000 साल लगेंगे। किसी अन्य तारे के करीब पहुंचने में इससे दोगुना समय लगेगा। परियोजना प्रबंधक सुजैन डोड वॉयजर 1 को पृथ्वी का दूत मानती हैं। डोड ने इसे 'एक राष्ट्रीय खजाना' और 'वास्तव में असाधारण' बताया।

#पृथ्वी