14 जुलाई को पृथ्वी पर लौटेंगे सुभांशु शुक्ला
वाशिंगटन, डीसी 11 जुलाई- भारतीय अंतरिक्ष यात्री सुभांशु शुक्ला 14 जुलाई को पृथ्वी पर लौटेंगे। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कल यह जानकारी दी। सुभांशु समेत चार क्रू सदस्य एक्सियम-4 मिशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच चुके हैं।
एक्सियम मिशन 25 जून को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। ड्रैगन अंतरिक्ष यान 28 घंटे की यात्रा के बाद 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर डॉक किया गया था। हालाँकि, यह मिशन 14 दिनों का था, लेकिन अब अंतरिक्ष यात्री की वापसी में चार दिन की देरी होगी।
इससे पहले 6 जुलाई को आईएसएस स्टेशन से सुभांशु की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें सुभांशु कपोला मॉड्यूल की खिड़की से पृथ्वी को देखते हुए दिखाई दे रहे थे। कपोला मॉड्यूल एक गुंबद के आकार की अवलोकन खिड़की है, जिसमें 7 खिड़कियाँ हैं।