यूपी कैबिनेट: नोएडा में डीप हब के लिए 281 करोड़ मंजूर, लखनऊ में बनेगा राज्य सहकारी महाविद्यालय
लखनऊ, 18 नवंबर - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन में हुई कैबिनेट बैठक में 30 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल 31 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें से एक प्रस्ताव को ड्रॉप कर दिया गया। मंजूर प्रस्तावों में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के मामलों में मुआवजा व्यवस्था का विस्तार, नोएडा में डीप हब का निर्माण, आगरा में स्टेडियम के लिए जमीन हस्तांतरण और लखनऊ में राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना शामिल है। इसके अलावा एयरपोर्ट से जुड़ी सुविधाओं के लिए एमओयू को भी मंजूरी दी गई।
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव अब मई 2027 तक टलने के आसार हैं। प्रदेश सरकार ने पंचायत राज संशोधन अध्यादेश को मंजूरी दे दी है। इसके तहत नवंबर में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें प्रशासक नियुक्त किया जाएगा। प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ाया गया है। यह व्यवस्था पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
महिला सशक्तीकरण के तहत कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2015 में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रस्तावित मुआवजा योजना को राज्य की व्यवस्था के अनुरूप शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य यौन अपराध और अन्य गंभीर हिंसक घटनाओं से प्रभावित महिलाओं और बच्चियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

