दिल्ली के नाम पर ढाका की गरीबी क्यों बेच रहा है चीन ?
किसी देश की गरीबी उसकी वास्तविकता का एक हिस्सा हो सकती है लेकिन क्या किसी दूसरे देश की गरीबी को अपने प्रतिद्वंदी देश की गरीबी बताकर पेश करना पत्रकारिता, अभिव्यक्ति या सोशल मीडिया की आज़ादी है? नहीं, यह तथ्यों के साथ साजिशन की जाने वाली एक ऐसी गलीज हरकत है, जो हरकत इन दिनों चीन के 150 से ज्यादा ब्लॉगर्स भारत को लेकर कर रहे हैं। बांग्लादेश के एक प्रमुख अखबार ‘प्रथम आलो’ के मुताबिक 150 से ज्यादा चीनी ब्लॉगर्स इन दिनों ढाका के बेहद गरीब इंडस्ट्रीयल इलाके उत्तरा में सक्रिय हैं। ये उत्तरा के सेक्टर-12 और टेकपारा इलाके की गरीब बस्तियों में सुबह से ही घूम-घूम कर लाइव स्ट्रीमिंग करते हैं, जिनकी इस बांग्ला अखबार ने अनेक तस्वीरें छापी हैं। ढाका के एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, ‘महीनों से ये लोग सुबह-सुबह बस्ती में आ जाते हैं और अपने कैमरे तथा माइक के साथ ब्राडकॉस्ट करना शुरू कर देते हैं, जो कई बार देर शाम तक जारी रहता है।’ ये लोग स्थानीय गरीब लोगों की रोजमर्रा की ज़िंदगी की मुश्किलों को फिल्माते हैं और उन्हें भारत की राजधानी दिल्ली की गरीबी व बदहाली बताते हुए कमेंट्री करते हैं।
सवाल है आखिर ये स्ट्रीमर्स यह अभियान क्यों चला रहे हैं? क्या ये सिर्फ अपने व्यूअर बढ़ाने की कोशिश में ऐसा कर रहे हैं या फिर ये चीन सरकार के इशारे पर भारत की अंतर्राष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा कर रहे हैं? गौरतलब है कि हाल के दिनों में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष और कुछ दूसरी वित्तीय एजेंसियों ने भारत में पिछले डेढ़ दशक के दौरान हुई गरीबी उन्मूलन की कामयाबी को दुनिया के सामने उजागर किया है। कहीं चीन इससे चिढ़कर भारत की ऐसी छवि तो नहीं बनाना चाहता कि अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियां भले कह रही हों, मगर सच्चाई यह है कि भारत में बहुत ही ज्यादा गरीबी और बदहाली है। हम सब जानते हैं कि इस डिजिटल दौर में सूचना अपने आपमें एक हथियार है और जब सरकारी मीडिया या कारोबारी मीडिया की जगह आम लोगों की सोशल मीडिया की बात आती है, तो वह दूसरे मीडिया प्लेटफॉर्म्स के मुकाबले कहीं ज्यादा विश्वसनीय हो जाती है। कहीं इसी कारण तो नहीं, चीन सरकार यहां इतने सारे ब्लॉगर्स भेजकर ढाका की गरीबी को भारत के नाम पर बेच रही है?
चाय की दुकानों और बदहाल बस्तियों को कैमरे में उतारकर ये ब्लॉगर अपने चीनी दर्शकों को कमेंट्री करते हुए बताते हैं कि देखो, यह नई दिल्ली है। एक महिला ब्लॉगर ने अपनी कमेंट्री में कहा, ‘देखो भारतीय लोग कितने गंदे और पिछड़े हैं।’ एक दूसरे ब्लॉगर ने अपनी कमेंट्री में कहा कि ये लोग गाय के मूत्र और गंदे पानी से बनी चाय पीते हैं। सवाल ये है कि ऐसी सामग्री परोसकर ये ब्लॉगर किसके इशारे पर अपनी नापाक मानसिकता दर्शा रहे हैं? इसमें कोई दो राय नहीं कि भारत में करोड़ों लोग गरीब हैं, झुग्गियों में रहते हैं, बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, लेकिन इसके लिए ढाका की बस्ती को दिल्ली बताना कोई पत्रकारिता नहीं बल्कि गहरी साजिश है। दरअसल ये भारत की काली तस्वीर गढ़ना है ताकि चीन के लोग यह मानते रहें कि भारत आज भी गरीबों और सपेरों का देश है। चीन भले आज अमरीका से आर्थिक हैसियत के मामले में टक्कर ले रहा हो, लेकिन उसे यह कतई स्वीकार नहीं है कि भारत हाल के कई वर्षों से लगातार वैश्विक अर्थव्यस्था का ग्रोथ इंजन बना हुआ है और पूरी दुनिया इस बात पर यकीन करे। मालूम हो कि पिछले कई सालों से भारत की विकास दर दुनिया में सबसे ज्यादा या फिर चीन से आगे पीछे रहती है। चीन को भारत की यह प्रगति रास नहीं आ रही। इसी कारण वह इस सूचना युग के दौरान भी इसी को हथियार बनाकर भारत की नकारात्मक तस्वीर गढ़ने की कोशिश कर रहा है।
भारत ने इस हकीकत के उजागर होने के बाद कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भारत के विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश से इन ब्लॉगर्स के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा है लेकिन यह मान लेना सरलीकरण होगा कि एकाएक भारत की छवि को नकारात्मक पेश करने के लिए सौ से ज्यादा ब्लॉगर्स को सूझेगी और वो एक खतरनाक स्क्रिप्ट के साथ बांग्लादेश आ जाएंगे। नहीं, यह सब इतना सरल मामला नहीं है। इसके पीछे निश्चित रूप से कोई बड़ी ताकत और उसका रणनीतिक उद्देश्य है। इस बात के हालांकि कोई सबूत तो नहीं हैं, लेकिन जिस तरह से चीनी सोशल मीडिया में जारी इन हरकतों पर चीन की सरकार चुप है, उससे अंदाजा लगता है कि कहीं यह उसी का रचा गया खेल तो नहीं है? एक चीनी नागरिक फांग यू ने प्रथम आलो से बात करते हुए कहा कि ये लाइव स्ट्रीम उत्पादों के प्रचार से जुड़ी गतिविधि का हिस्सा है लेकिन उसकी इस बात का कोई तार्किक आधार नहीं बनता कि आखिर उत्पादों के प्रचार के लिए बेहद गरीब और बदहाल बस्तियों को दिखाना किस तरह की ज़रूरत है? दरअसल इस तरह के स्पष्टीकरण से संदेह तो दूर होता नहीं, उल्टे साजिश की बू आने लगती है क्योंकि कई स्थानीय लोगाें ने इन चीनी ब्लॉगर्स की संख्या को डेढ़ सौ से भी कहीं ज्यादा बल्कि हजारों में बताया है।
ऐसे में साफ लगता है कि इतने सारे लोग अचानक कोई सपना नहीं देख लेंगे कि ऐसा करने से रातोंरात उनके ब्लॉग हिट हो जाएंगे। ज़रूर यह कोई साजिश के तहत चलाया जा रहा संगठित अभियान है। भारत और चीन के बीच आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक प्रतिस्पर्धा किसी से छिपी नहीं है। दोनों देश वैश्विक, विनिर्माण, निवेश, तकनीक और विकासशील देशों के बीच अपने प्रभाव बढ़ाने की होड़ में हैं। भारत की धीरे-धीरे मगर ठोस रफ्तार से बेहतर होती आर्थिक हैसियत और वैश्विक मंचों पर महत्वपूर्ण होती आवाज को नकारात्मक बनाने के लिए तो यह सब नहीं किया जा रहा? इतिहास में पहले भी प्रतिद्वंदी देश ऐसी हरकतें करते रहे हैं। यहां एक और पहलू महत्वपूर्ण है— चीन के भीतर इंटरनेट और सोशल मीडिया का संसार काफी हद तक घरेलू डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर निर्भर है। ऐसे में वहां के दर्शकों के सामने भारत की यह नकारात्मक तस्वीर जब बार-बार दिखायी जायेगी, तब उनकी धारणा भारत को लेकर एक बेहद गरीब और बदहाल देश के रूप में बनेगी, जैसा कि चीन अपनी आबादी के दिलोदिमाग में भारत की छवि बनाना चाहता है।
जब किसी देश को लगातार गंदगी, गरीबी, अव्यवस्था और पिछड़ेपन से जोड़कर दिखाया जायेगा, तो उसके प्रति देखने वालों का एक बेहद नकारात्मक मानसिक ढांचा तैयार होगा और चीन यही करना चाहता है ताकि भारत की आर्थिक प्रगति, तकनीकी उपलब्धियां और वैश्विक भूमिका के लिए कोई जगह ही न बने। वास्तव में दुष्प्रचार की असली ताकत यही है। हालांकि अभी तक ऐसा कोई प्रमाण सार्वजनिक नहीं हुआ, जिससे यह कहा जा सके कि ये व्लॉगर चीनी सरकार या उसकी किसी एजेंसी के इशारे पर अथवा उसके वित्त पोषण पर ऐसा सब कर रहे हैं। ये लोग इसके लिए इतने बड़े दुस्साहस की हिम्मत करेंगे कि दूसरे देश की गरीबी और बदहाली को भारत की गरीबी और बदहाली बनाकर पेश करने लगें। ऐसा कभी नहीं हो सकता। इस तरह की हरकत उस देश के नागरिक कभी नहीं कर सकते, जो हमेशा अपनी सरकार के नजरों के दायरे में रहते हों। इसलिए घूम-फिरकर यह हरकत चीन की सरकार की ओर ही इशारा करती है। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



