बिलकिस बानो की नियति
कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं, जिनका प्रभाव लम्बी अवधि तक बना रहता है। वर्ष 2002 में गुजरात में बहुत भयानक दंगे हुए थे, जिनकी कड़वी यादें अभी भी शेष हैं। विगत दिवस सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इससे संबंधित दो आरोपियों की उम्रकैद की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी गई है, जिससे एक बार फिर यह घटनाक्रम ताज़ा हो गया है। पिछले 24 वर्ष में इन दंगों के साथ-साथ बिलकिस बानो के मामले की भी याद ताज़ा होती रही है। इन दंगों से जुड़े इस मामले में बहुत भयानक तथ्य सामने आए थे। इन दंगों के दौरान 21 वर्षीय बिलकिस बानो अपने परिवार के साथ अपना बचाव करने के लिए दौड़ी थी, परन्तु वह दंगाइयों की चपेट में आ गई। वह उस समय 5 महीने की गर्भवती थी, जिसके साथ इन दंगाइयों ने दुष्कर्म किया। इसके साथ ही उन्होंने उसके परिवार के 7 सदस्यों की भी हत्या कर दी थी, जिनमें उसकी तीन वर्षीय बेटी सलेहा भी शामिल थी, जिसकी उसके सामने ही हत्या कर दी गई थी।
इसके उपरांत चली सी.बी.आई. की लम्बी जांच और चले मुकद्दमे के बाद इस मामले में 11 दंगाइयों को उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी, परन्तु वर्ष 2022 में गुजरात सरकार ने इन सभी 11 आरोपियों को सज़ा में छूट देकर रिहा कर दिया था। इस रिहाई के बाद कुछ लोगों ने इन आरोपियों का पुष्प मालाएं पहनाकर सम्मान भी किया था। इसकी इस सीमा तक व्यापक स्तर पर देश में चर्चा हुई थी, कि सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप करने से जनवरी, 2024 को उनकी रिहाई के आदेश रद्द कर दिए गए थे और आरोपियों को पुन: 2 सप्ताह के भीतर आत्म-समर्पण करने के लिए कहा गया था। अब पुन: सर्वोच्च न्यायालय ने इन आरोपियों में दो बिपन चंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया की उम्रकैद की सज़ा निलंबित करके उन्हें ज़मानत दे दी है। अदालत के आदेशानुसार दोनों आरोपी 17 वर्ष से अधिक अवधि तक जेल में सज़ा काट चुके हैं। उनमें से एक गम्भीर विकलांगता से पीड़ित है। इन दोनों उन 11 आरोपियों में शामिल हैं, जिनकी गुजरात सरकार ने रिहाई की थी और बाद में सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें पुन: जेल में जाने का आदेश दिया था। जहां तक देश का संबंध है, आज़ादी से पहले भी और आज़ादी के बाद भी स्थान-स्थान पर होते भयानक साम्प्रदायिक दंगों ने लगातार समूचे माहौल को दूषित करके रखा है।
नि:संदेह यह हमारे संविधान की भावना पर लग रहे बदनुमा धब्बे हैं, जिनके प्रति प्रत्येक स्थिति में कड़ा रवैया धारण करने की ज़रूरत होगी। भारत के विकास में घटित होता ऐसा घटनाक्रम बड़े अवरोध खड़े करता रहा है। बनाए गए और बनाए जा रहे ऐसे माहौल के विरुद्ध समूचे समाज को जागरूक होकर इसके विरुद्ध इकट्ठा होने की ज़रूरत होगी। आज भारत के विकास की लिखी जा रही इबारत उस समय तक खोखली दिखाई देती रहेगी, जब तक देश में ऐसा माहौल बनाया जाता रहेगा, जो हमारी पीढ़ी सहित आगामी पीढ़ियों को भी शर्मसार करने वाला होगा।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

