आसियान-भारत सम्मेलन का महत्व

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीन दिवसीय फिलीपींस की यात्रा कई पक्षों से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा सकती है। वह वहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जा रहे हैं। 11 देशों के दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के इस संगठन में इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस, वियतनाम, ब्रुनेई, कम्बोडिया, लाओस, म्यांमार और तिमोर-लेस्ते जो 2025 में इस संगठन का 11वां सदस्य बना था आदि देश शामिल हैं। यह संगठन 1967 में बना था, जिसकी भावना एक पहचान और एक भाईचारे की सोच पर आधारित थी। इसलिए एक सांझ के अहसास के साथ यह देश लगातार इकट्ठे होकर अपने विकास के लिए कार्यशील रहते हैं और दक्षिण-पूर्व एशिया के इस क्षेत्र को लगातार मज़बूत करने का यत्न करते रहते हैं। म्यांमार (बर्मा) पिछले लम्बे समय से सैन्य तानाशाहों के अधीन रहा है, परन्तु इसी समय में एक संगठन के अन्य देशों ने अपने द्वारा सख्त पाबंदियां लगाकर इस पर लोकतंत्र की बहाली के लिए दबाव बनाया हुआ है, जिस कारण वहां के सैन्य तानाशाह देश के समुचे प्रबंध में तबदीलियां करने के लिए मजबूर होने शुरू हुए हैं।
भारत के लिए इस संगठन के हमेशा अच्छे संबंध बने रहे हैं। भारत हर मुश्किल समय पर इस क्षेत्र के देशों के साथ अधिक से अधिक सहयोग करता आया है। इसीलिए इस संगठन के होने वाले लगभग सभी सम्मेलनों में भारत की महत्वूर्ण शमूलियत रही है। भारत के इन देशों के साथ सदियों पुराने सभ्याचार संबंध रहे हैं, अब भी दोनों पक्षों का यह प्रयास होता है कि लोगों के आपसी सम्पर्क के साथ-साथ तकनीकी सांझ बनाई जाए, आपसी व्यापार को बढ़ाया जाए और इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। दशकों से इन देशों के साथ चीन का दक्षिण चीन सागर को लेकर टकराव बना रहा है। चीन इस सागर के पूरे भाग पर अपना अधिकार जताता आया है, जिस कारण इस क्षेत्र के अन्य देशों के साथ उसका लगातार समुद्री टकराव बना रहा है और समुद्र में इन देशों के विचरण करने पर चीन बाधा डालता आया है जबकि ये देश अंतर्राष्ट्रीय समुद्री कानूनों के आधार पर इस सागर में अपना-अपना हिस्सा जता रहे हैं। इस गम्भीर मामले को लेकर अंतर्राष्ट्रीय ट्रिब्यूनल ने वर्ष 2016 में चीन के इन दावों को रद्द कर दिया था कि यह सागर सिर्फ उसके अधिकार क्षेत्र में ही आता है, परन्तु इसके बावजूद चीन अब तक अपने दावों पर अडिग रहा है। यह भी एक कारण है कि आसियान देश भारत के साथ अपने सहयोग एवं मित्रता के संबंधों को और मज़बूत बनाने में तत्परता दिखाते हैं। जहां तक कि इन देशों ने भारत के साथ अक्सर समुद्री अभ्यास किए हैं और फिलीपींस द्वारा 2022 में भारत से ब्रह्मोस सुपर सोनिक क्रूज़ मिसाइलें भी खरीदी गई थीं।
अब इंडोनेशिया ने भी जुलाई 2026 में ब्रह्मोस मिसाइलों के संबंध में भारत के साथ समझौते किए हैं। वियतनाम के साथ भी भारत का इन मिसाइलों संबंधी समझौता हो चुका है। इन देशों से भारत का व्यापार एवं आपसी सहयोग भी लगातार और भी गहरा होता जा रहा है। इस संदर्भ में भारत के प्रधानमंत्री की 23वें आसियान-भारत सम्मेलन में शमूलियत के महत्व को देखा जा सकता है। इसके अतिरिक्त हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में खुले यातायात तथा व्यापार को लेकर भी जापान, अमरीका, आस्ट्रेलिया तथा भारत के बीच समझौता हो चुका है ताकि चीन की विस्तारवादी नीतियों को सीमित रखा जा सके। नि:संदेह इस सम्मेलन से अच्छे परिणाम निकलने की उम्मीद की जा रही है, जो भारत की शक्ति एवं मज़बूती में एक और नया अध्याय जोड़ने में सहायक होंगे।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#आसियान-भारत सम्मेलन का महत्व