उत्तर प्रदेश की सामाजिक अंगड़ाई
आगामी वर्ष के शुरू में ही पंजाब सहित पांच राज्यों के चुनाव होने जा रहे हैं, इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर आदि शामिल हैं। उत्तर प्रदेश देश का एक बड़ा राज्य है। इसकी राजनीति का राजधानी दिल्ली पर भी बड़ा प्रभाव पड़ता है। वैसे भी विगत अवधि से यह प्रदेश कई पक्षों से राजनीति का केन्द्र बना रहा है। यहां कुछ साम्प्रदायिक हिन्दू संगठनों की ओर से भाजपा की शह पर सदियों पुरानी बाबरी मस्जिद को ध्वस्त करना भी एक ऐसा घटनाक्रम था, जिसका राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय प्रभाव सदियों तक बना रहेगा। इसे ध्वस्त करने और लम्बी कशमकश के बाद अयोध्या में इसी स्थान पर राम मंदिर का निर्माण भी भारतीय मानसिकता पर बड़ा प्रभाव पाने वाली घटना मानी जाती है। राजनीतिक मंच पर इसका भाजपा को बड़ा लाभ पहुंचा है।
पिछली दो पारियों से यहां योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा प्रशासन चला रही है, जो तीसरी बार सत्ता हथियाने के लिए तैयार-बर-तैयार दिखाई देती है। योगी आदित्यनाथ ने इस समय में प्रदेश के विकास को कई पक्षों से पूरी गति भी दी है। केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा इनकी प्रत्येक तरह से सहायता की जाती रही है। बार-बार भाजपा नेताओं द्वारा डबल इंजन सरकार की सफलता की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने जहां राज्य को विकास के मार्ग प्रशस्त करने के लिए बड़ी सक्रियता दिखाई है,वहीं उनके प्रशासन द्वारा गैंगस्टरवाद के साथ-साथ अमन-कानून की स्थिति से भी अच्छी तरह निपटा जा रहा है। कभी देश भर में पिछड़े प्रदेश के नाम से जाना जाता उत्तर प्रदेश आज जहां प्रत्येक पक्ष से विकास के मार्ग पर दौड़ता दिखाई दे रहा है, वहीं वर्षों से बिगड़ी रही अमन और कानून की स्थिति में भी भारी सुधार हुआ है। इसके साथ ही राम मंदिर का निर्माण भी एक बड़ा धार्मिक भावना से जुड़ा हुआ मुद्दा दिखाई देता है। दूसरी तरफ दशकों से कभी यहां प्रभावशाली रही कांग्रेस पार्टी सिसकती और डावांडोल दिखाई दे रही है। यहां एक समय तक मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी का भी अच्छा प्रभाव बना रहा है। इसके साथ ही पहले मुलायम सिंह यादव और फिर अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी का भी यहां बड़ा आधार बना रहा है। इस बार होने जा रहे चुनावों को इसलिए दिलचस्पी से देखा जा रहा है कि पिछले लगभग 10 वर्ष से यहां चली आ रही भाजपा की सरकार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी, किस प्रकार की टक्कर दे सकेंगी? इसे लेकर इन दोनों पार्टियों में चुनावी गठबंधन की बड़ी सम्भावना बन गई है जो प्रदेश में एक मज़बूत राजनीतिक गठबंधन का संकेत देने में समर्थ हो सकती है।
परन्तु अब प्रदेश के राजनीतिक क्षेत्र में एक और राजनीतिक घटना भी अहम सिद्ध होने वाली कही जा सकती है। असदुद्दीन ओवैसी का देश में एक बड़े मुस्लिम नेता के रूप में प्रभाव बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में दलित नेता चन्द्रशेखर आज़ाद भी लगातार यहां घटित रहे राजनीतिक घटनाक्रमों से जुड़े रहे हैं। इन दोनों की राजनीति के क्षेत्र में अब तक बहुत बड़ी उपलब्धियां तो चाहे नहीं मानी जा सकतीं, परन्तु इन्हें दृष्टिविगत करना भी बेहद मुश्किल प्रतीत होता है। असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (ए.आई.एम.आई.एम.) और चन्द्र शेखर आज़ाद की पार्टी आज़ाद समाज पार्टी (कांशी राम) ने आगामी चुनावों के लिए संयुक्त मोर्चा बना कर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का नाम दिया है। यह मोर्चा समाजवादी पार्टी और बसपा पर भी प्रभाव डाल सकता है। उत्तर प्रदेश में जातिवाद का भी बड़ा प्रभाव रहा है। यहां लगभग 21 प्रतिशत दलित आबादी है और करीब 19 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है। ओवैसी की और चन्द्रशेखर की पार्टी इस 40 प्रतिशत आबादी पर अपना प्रभाव कायम करने की उम्मीद रखती हैं। दूसरी तरफ इनके चुनाव मैदान में गठबंधन बना कर आने से भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचने की और भी सम्भावना बढ़ गई है। बनते इस नए समीकरण को किसी भी तरह दृष्टिविगत नहीं किया जा सकेगा।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

