‘आप’ की पहल
आम आदमी पार्टी द्वारा 40 उम्मीदवारों की पहली सूची 31 अक्तूबर को जारी कर दी गई थी। उसके 12 दिन बाद अब 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की गई है। इस मामले में जहां इस पार्टी ने अन्य पार्टियों से पहल कर ली है, वहीं इस कदम से पार्टी के भीतर पैदा हुए विश्वास का प्रभाव भी पड़ता है। चुनाव से पहले प्रत्येक पार्टी में असमंजस की स्थिति होती है। मैदान में उतरने वाले इच्छुक उम्मीदवारों की सूची अक्सर बड़ी होती है, परन्तु चुनाव मैदान में किसी एक सीट से पार्टी के किसी एक प्रतिनिधि को ही उतारा जाता है, ऐसी घोषणाओं के समय ज्यादातर उम्मीद से भरे कार्यकर्ताओं के मन में नाराज़गी भी पैदा हो सकती है और कई बार वह पार्टी से ब़गावत करने पर भी उतारू हो जाते हैं। इस स्थिति को सम्भालना स्वयं में एक ज़ोखिम भरा काम होता है।
पार्टी की ओर से पहली सूची में मालवा से 27, दोआबा से 8 और माझा से 6 उम्मीदवार घोषित किए गए थे, इसमें ज्यादातर मौजूदा विधायकों को ही टिकटें देने की घोषणा की गई थी, परन्तु अब 31 उम्मीदवारों की जारी की गई दूसरी सूची में एक मंत्री और 7 विधायकों की टिकटें काट दी गई हैं। इसके साथ ही 2 सांसदों को भी मैदान में उतारा गया है। कुछ मौजूदा विधायकों और अहम नेताओं की टिकटें कटने से नाराज़गी पैदा हुई है और विवाद उठने भी स्वाभाविक हैं, परन्तु पार्टी नेताओं द्वारा यह प्रभाव ज़रूर दिया गया है कि ऐसी घोषणाओं से पहले इस मामले पर प्रत्येक तरह की कवायद की गई थी और यह भी कि पार्टी से संबंधित समूचे विधायकों और आशान्वित नेताओं की कारगुज़ारी संबंधी भी कई बार सर्वेक्षण करवाए गए थे। आम आदमी पार्टी आगामी महीनों में अपना 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रही है। इसके कामकाज को लोगों की ओर से प्रत्येक पक्ष से देखा जाता रहा है। पार्टी द्वारा इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया प्रतीत होता है कि जिन नेताओं की इस समय के दौरान कारगुज़ारी सन्तोषजनक नहीं रही, उन्हें बदलना ज़रूरी है। सरकार के कार्यकाल के दौरान सभी लोगों की उम्मीदों पर पूरा उतरना तो मुश्किल होता है, परन्तु मुख्य रूप में विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी प्रतिनिधि कितना काम करवाने में सफल रहे हैं और इस समय में उनके संबंध में कितने विवाद होते रहे हैं, ऐसा देखना विशेष रूप से प्रशासन चला रही पार्टी के लिए महत्त्वपूर्ण होता है। यह भी देखा जाता है कि मौजूदा हालात में कौन-सा उम्मीदवार पार्टी को जीत दिलाने में समर्थ हो सकता है। अब जबकि प्रदेश में चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, इसलिए सभी संबंधित पार्टियों की ओर से उम्मीदवारों के चयन के लिए शीघ्र-अतिशीघ्र ऐसी कवायद किए जाने की उम्मीद की जा रही है, परन्तु ‘आप’ द्वारा शीघ्र उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने से उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार के लिए अधिक समय मिल सकेगा।
जिस प्रकार आम आदमी पार्टी ने तेज़ी के साथ इस ओर कदम बढ़ाया है, उससे यह भी उम्मीद की जाती है कि वह शीघ्र ही शेष रहते उम्मीदवारों की घोषणा भी कर देगी। नि:संदेह आगामी समय में आकलनों में पड़ी रहने वाली पार्टियों पर भी उम्मीदवार शीघ्र घोषित करने के लिए दबाव बनेगा।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

