‘लगाव - प्यार का स़फर’
श्रीमती सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिग... ए जर्नी ऑफ लव’ (लगाव...प्यार का एक स़फर) के प्रकाशित होने से पहले ही इस संबंध में चर्चा शुरू हो गई थी। इसके प्रकाशित होने में समय भी लगा और कठिनाइयां भी आईं। अब बिना किसी समारोह के यह बाज़ार में आ गई है। चाहे इस पुस्तक को प्रत्येक पक्ष से पढ़ना अभी शेष है, परन्तु अब तक इसके सामने आए अंशों से यह प्रभाव ज़रूर मिलता है, कि आगामी लम्बी अवधि तक इसकी चर्चा होती रहेगी, क्योंकि यह पुस्तक सोनिया के सिर्फ निजी जीवन पर ही आधारित नहीं है, अपितु विगत लम्बी अवधि में उनके आस-पास घटित हो रहे सामाजिक और राजनीतिक घटनाक्रमों का भी उन्होंने अपने दृष्टिकोण से इसमें बहुत ज़िक्र किया है। उनके घटित हो रहे घटनाक्रम संबंधी अपने विचार और प्रभाव हो सकते हैं, परन्तु उनके समय में ही विचरण कर रहे अन्य लोगों का सहमत होना ज़रूरी नहीं है, अपितु इसके स्थान पर उनके विचारों को कड़ी आलोचना के तराज़ू में भी तोला जाएगा।
समय-समय पर विश्व भर में और अपने देश भारत में भी छोटे-बड़े नेताओं द्वारा अक्सर अपनी आत्म-कथाएं लिखी जाती रही हैं, उस समय इन आत्म-कथाओं के प्रभावों की पूरी तरह जांच-पड़ताल भी की जाती रही है। सोनिया का भारत के एक बहुत अहम राजनीतिक परिवार से संबंध रहा है। चाहे वह इटली मूल की हैं परन्तु पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के बेटे राजीव गांधी के साथ शादी होने के बाद वह भारत में ही बस गई थीं और उन्होंने यहां की नागरिकता ले ली थी। देश की महान शख्सियत पंडित जवाहर लाल नेहरू के परिवार में शामिल होना बड़ी महत्त्वपूर्ण बात थी। श्रीमती इंदिरा गांधी अपने समय में बेहद चर्चित और सख्त प्रधानमंत्री मानी जाती थीं, जिनके कार्यकाल में देश में बेहद अहम घटनाक्रम घटित हुए हैं, इनमें आपात्काल लगाना और श्री हरिमंदिर साहिब समूह में ऑपरेशन ब्लू स्टार के नाम पर सैन्य कार्यवाही करना भी शामिल है। पूर्वी पाकिस्तान रहे बांग्लादेश की आज़ादी में भी इंदिरा गांधी का अहम योगदान रहा है। उनका जीवन बेहद उतार-चढ़ाव वाला रहा है। उनके समय में महत्त्वपूर्ण घटनाक्रमों के संबंध में अपने प्रभाव लिखना भी कठिन कार्य है और अनेक तरह की चर्चाएं छेड़ने वाला भी। यहीं बस नहीं, सोनिया गांधी ने श्रीमती गांधी की हत्या और उसके बाद अपने पति राजीव गांधी की हत्या के दर्द को भी भोगा है। अपने पति की हत्या के बाद ही वह सक्रिय राजनीति में आ गईं। दशकों तक वह कांग्रेस पार्टी में प्रभावशाली शख्सियत बनी रही हैं। चाहे वह स्वयं प्रधानमंत्री नहीं बनीं, परन्तु डा. मनमोहन सिंह के 10 वर्षों के शासनकाल में मुख्य रूप में सोनिया गांधी के प्रभाव को भी देखा जाता रहा है। इस पूरे समय में वह पार्टी और सरकार की नीतियों के निर्माण में अग्रणी रही थीं।
पिछले 14 वर्ष से उनकी कांग्रेस पार्टी शिखर के स्थान पर धरातल की ओर जाती भी दिखाई देती रही है। सोनिया गांधी ने इस समय में अपने बेटे राहुल गांधी को राष्ट्रीय राजनीति में ऊंचा उठाने का भी यत्न किया, जो अभीतक भी जारी है। इस कवायद में उनका पुत्र-मोह पूरी तरह प्रभावी दिखाई देता है। चाहे अपने निजी जीवन के साथ-साथ उनके कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपने लम्बे कार्यकाल में प्रभावशाली और तत्पर रहने के कारण अपनी पुस्तक में खुल कर अपने विचार ज़रूर प्रकट किए गए हैं, परन्तु इनकी व्यापक स्तर पर आलोचना होना भी स्वाभाविक है। आगामी समय में भी इस पुस्तक पर विस्तारपूर्वक चर्चा होती रहेगी और इसके साथ-साथ व्यापक स्तर पर इसकी आलोचना भी होती रहने की सम्भावना है। इस कारण इस पुस्तक को अनदेखा किया जाना बेहद कठिन होगा।
—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

