नींद के लौटने का इंतज़ार
अपने देश में शिक्षा अहम नहीं, शिक्षा का मॉडल अहम हो गया है। सरकारी स्कूलों का स्तर महंगे निजी स्कूलों में बदल दिया जाएगा। बदलाव की जगह उसका नगाड़ा बजता है और नई बोतलों में पुराना शरबत आकर्षक लगने लगता है। स्कूल नहीं, स्कूल का बोर्ड बदल जाता है। स्कूल प्रतिष्ठा-धारी हो या सरकारी टाट-धारी! भगौड़े छात्रों की संख्या उतनी ही रहती है। हां बाल श्रमिकों की संख्या में कमी नहीं आती।
चिकित्सा का मॉडल बदला है। मुहल्लों के स्थापित नीम-हकीमों की गद्दियां हिल गईं। अब इलाज नब्ज़ देख कर नहीं, खून के दबाव मापक यन्त्र से होता है। पढ़ा-लिखा डिग्री धारक यहां बैठ गया, और अपने फार्मासिस्ट की नियमित हाज़िरी के साथ अपना दरबार सजाने लगा। सरकारी चाल बेढंगी जो पहले थी, वह अब भी है। पहले सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाइयां नदारद रहती थीं। अब हमें आपके निकट-जीवी क्लीनिकों में दवा नहीं, दवा का इंतज़ार मिलता है। धन्वन्तरी की विजय का कारवां यूं ही चल रहा है, और निजी अस्पतालों की महंगाई को पंचतारा होटलों की महंगाई ने शर्मिन्दा कर दिया है। देश के शिखर न्यायालय को चिंता है, उसकी बार-बार की जा रही चिंता बताती है कि ज्यों-ज्यों कैन्सर की दवा सस्ती हो जाने की घोषणा होती है, त्यों-त्यों दवाओं की थोक मण्डियों से परचून मण्डियों के भाव का फर्क बढ़ता जाता है। सरकार आर्गेनिक दवायें खरीदने की सलाह देती है, लेकिन फार्मा उद्योग के महाधिपतियों का चक्र-व्यूह ग्राहक को अभिमन्यु बना देता है। दवाओं के सस्ता हो जाने की घोषणा बार-बार होती है, लेकिन उपलब्धता कहां है। उपलब्ध हैं वही महंगी दवाएं जिन्हें असली प्रभावशाली कह-कह कर और भी ऊंचे दाम पर बेच दिया जाता है, और मरीज़ का अभिभावक सोचता है कि कैन्सर उसके परिजन को हुआ, या उसकी जेब को, जो भरी रहने की जगह फटी हुई कहलाने लगी है।
छोड़िये दवाओं के महंगा रहने की बात। छोड़िये शिक्षा क्रांति के बावजूद यूनिसेफ के आंकड़ों की बात कि आज भी देश के स्कूलों में एक अध्यापक पांच कक्षाएं पढ़ाता मिल जाता है, और कहीं पांच अध्यापकों के पास एक भी छात्र नहीं! खबर आज भी है कि देश में खुले आसमान के नीचे बिना इमारत लगने वाले स्कूल बाकी रह गये हैं, और चन्द स्कूल आज भी अपना वह बाथरूम तलाश रहे हैं, जिसके बनने की घोषणा हो गई थी। छात्र और जानवर खुले में शौच जा रहे हैं, और पर्यावरण प्रदूषण में इज़ाफा कर रहे हैं।
लेकिन हमें आदत हो गई है दिवाली के बाद दम घोटती ए.क्यू.आई. के बढ़ जाने की, स्वच्छता सप्ताह मनाने के बावजूद अस्वच्छता को जीने का ढंग बनाने की। इसीलिए तो जगह-जगह लगते कूड़े के डम्प अब पहाड़ों का भ्रम देकर नये पर्यटन स्थल बन रहे हैं। वैसे भी देश का पर्यटन उद्योग कमाऊ पूत बन गया है। पहले एडवेंचर पर्यटन था, रमणीक पर्यटन था। फिर उसमें मैडिकल पर्यटन शामिल हुआ। देश-विदेश के सैलानी आकर अपने डॉलरों से उसके निजी उपचार क्षेत्र को पंचतारा क्षेत्र बनाने लगे, और यहां का आदमी असमर्थ होकर अब योग की कपालभाति से अपना उपचार कर रहा है। भारतीय संस्कृति के रहस्यों में से वैकल्पिक उपचार पद्धितियां आम आदमी को जीवन मुक्त होने का संदेश देने लगी हैं। देश के कटते जंगलों में से दुर्लभ जड़ी-बूटियों की तलाश के साथ वैकल्पिक उपचार की दुकानें अस्तित्व पा रही हैं। इलाज हैं, इलाज करवाने वाले भी आएंगे और देश का राष्ट्रीय धंधा खेतीबाड़ी की उत्पादकता के साथ उन्हें उपवास का महत्त्व समझाया जा रहा है। देश में रातों का महत्त्व कम हो गया है, सपनों के टूट-टूट कर गायब हो जाने के बाद। पहले नींद की लोरियों का स्वर कितना सुखद लगता था, अब दर्द का यह उर्दू का महान शे’अर कि ‘जिन रातों को नींद उड़ जाती है, वे कहर की रातें होती हैं। दीवारों से टकरा जाते हैं, दरवाज़ों से बातें होती हैं।’
पहले एक राजकुमारी की कहानी हम पढ़ते थे, जिसे आठ गद्दों पर लेटने के बाद भी नींद नहीं आई। कहे, कुछ चुभता है। वाह री कहानी की नज़ाकत और ऩफासत।
परन्तु हमारे पास तो अधबनी सड़कों की कहानियां हैं। बरसों से अधूरे पड़े फ्लाई ओवरों की दास्तानें हैं। बनता-बनता पुल बीच में ही रह गया, पुल आज भी अधबना है। आम आदमी आज भी उसके पूरे होने के इंतज़ार में है। अच्छे दिनों के आने का इंतज़ार! बैंक खातों में पन्द्रह लाख रुपये आ जाने का इंतज़ार। सपने टूटे नहीं, केवल स्थगित कर दिये गये हैं। अब इंतज़ार करो देश के शतकीय आज़ादी महोत्सव का जब ये सब सपने साकार हो जाएंगे। इस उम्मीद ने, इस वचन ने देश के आम आदमी को संवार दिया है। उसमें अपूर्व धीरज का संचार हो गया है। हर अघटनीय के घटने पर वह कह देता है, ‘यहां यह सब तो होता ही है’ लेकिन एक दिन ये सब सपने साकार हो जाएंगे। अपना देश फिर सोने की चिड़िया कहलाएगा, जी हां, चौबीस कैरेट सोने की चिड़िया...यानि शुद्ध और स्तरीय।
जनता आस्थावान है। ऊपर से आई मन की वाणी को शिरोधार्य करती है। लगता है उसकी खोयी नींद भी धीरे-धीरे लौट आएगी, जो न सोने पर मखमली गद्दों पर आती है, न सड़क के टूटे पत्थर के पायदानों पर।

