सोनिया गांधी की यादें

कांग्रेस पार्टी की चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा अपनी यादों संबंधी लिखी पुस्तक अभी बाज़ार में नहीं आई परन्तु पिछले लम्बे समय से किसी न किसी रूप में इसकी चर्चा चलती आ रही है। इसके छपने में भी कई रुकावटें आती रही हैं, परन्तु अब जल्द ही इसके पुस्तक रूप में सामने आने की सम्भावना है। इस समय यह अंदाज़ा ज़रूर लगाया जा सकता है, कि श्रीमती सोनिया गांधी ने इसमें अपनी निजी यादों को अधिक स्थान दिया है। यह बात अपने-आप में महत्वपूर्ण ज़रूर है। सोनिया गांधी उस नेहरू परिवार की सदस्य हैं जिसका पिछले लम्बे समय से देश की राजनीति में बड़ी भूमिका और प्रभाव रहा है। पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू थे। उनसे भी पहले उनके पिता पंडित मोती लाल नेहरू ने भी उस समय का एक बड़ा वकील होते हुए देश के आज़ादी के संघर्ष में समुचित योगदान डाला था।
पंडित जवाहर लाल नेहरू आज़ादी के संघर्ष में महात्मा गांधी से उत्साह और प्रेरणा लेते रहे थे।  मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और सरदार वल्लभ भाई पटेल भी उनके साथी थे। देश आज़ादी के बाद एक लोकतांत्रिक संविधान को बनाने में पंडित जवाहर लाल नेहरू का बड़ा योगदान रहा था। पहला प्रधानमंत्री होने के साथ-साथ अपने लम्बे कार्यकाल में उन्होंने न सिर्फ लोकतांत्रिक परम्पराओं को ही मज़बूत किया बल्कि आज़ाद भारत में धर्म निर्पेक्षता की सोच को भी आगे बढ़ाया। देश को आधुनिक पथ पर लेकर जाने के लिए इस स्वप्नग्राही महान शख्सियत का बड़ा योगदान रहा है। उनकी बेटी श्रीमती इंदिरा गांधी भी लम्बे समय तक प्रधानमंत्री रहते हुए देश का शासन चलाती रही हैं। उनके बाद उनके बेटे राजीव गांधी को पांच वर्ष के लिए प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला। उस समय तक इटली मूल की राजीव गांधी की पत्नी श्रीमती सोनिया गांधी राजनीति में पीछे ही रहीं। उनका राजनीति में प्रत्यक्ष हस्तक्षेप राजीव गांधी की हत्या होने के बाद ही हुआ। उस समय से अब तक सोनिया गांधी का कांग्रेस पार्टी पर बड़ा प्रभाव रहा है। 10 वर्ष डा. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री रहते हुए भी सरकार की नीतियों और प्रशासन में उनका प्रत्येक तरह से परोक्ष हस्तक्षेप एवं प्रभाव बना रहा था। आज चाहे उनके बेटे राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस राष्ट्रीय राजनीति में अवसान पर है, तो भी इस राष्ट्रीय पार्टी में सोनिया गांधी का प्रभाव प्रत्यक्ष दिखाई दे रहा है। इसी कारण स्वतंत्रता के बाद की, देश की अब तक की राजनीति में इस परिवार के प्रभाव को दृष्टिविगत नहीं किया जा सकता। देश के संविधान में समय-समय पर होते रहे संशोधन के बावजूद यहां लोकतंत्र आज भी प्रासंगिक बना दिखाई देता है, जबकि इसी समय में पड़ोसी देश पाकिस्तान और दक्षिण एशिया के बड़ी सीमा तक अन्य देश तानाशाही की जटिलताओं में फंसे हुए दिखाई दे रहे हैं। 
पिछले दिनों इस पुस्तक के आधार पर एक विदेशी पत्रकार से मुलाकात में सोनिया गांधी ने आपात्काल के बारे में जो अपने विचार व्यक्त किए हैं, उन्होंने सभी का व्यापक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। जून 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपात्काल के बारे में सोनिया गांधी ने कहा है कि यह उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा की गई एक बड़ी भूल थी और यह भी कि बाद में स्वयं इंदिरा गांधी भी ऐसा ही महसूस करने लगी थीं। इसी मुलाकात में उन्होंने 1992 में बाबरी मस्जिद को गिराए जाने से अपने मन में उठी पीड़ा का भी ज़िक्र किया है। आगामी समय में सोनिया गांधी की इस पुस्तक की अलग-अलग पहलुओं से बड़ी चर्चा होने की सम्भावना है और अलग विचारधारा वाले लोगों द्वारा उनकी कई पक्षों से आलोचना भी की जाएगी, परन्तु इस के बावजूद देश और दुनिया में इस पुस्तक को दृष्टिविगत नहीं किया जा सकेगा।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#सोनिया गांधी की यादें