भारतीय राजनीति में सोनिया गांधी की भूमिका
बात 2004 की है। लोकसभा चुनाव के नतीजे आ गये थे। भाजपा पिछड़ गई थी। कांग्रेस आगे थी। सरकार बननी थी। कांग्रेस ने पहल की। सारे सहयोगियों को इकट्ठा किया। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई। सोनिया गांधी को नेता चुन लिया गया। वो अगली प्रधानमंत्री होंगी, ये खबर दिल्ली में फैल गई लेकिन तभी चमत्कार हुआ। सोनिया ने पद लेने से इन्कार कर दिया। कांग्रेस में अफरा तफरी मच गई। सोनिया प्रधानमंत्री बने, ये मांग लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ता जुटने लगे। प्रदर्शन होने लगे पर सोनिया टस से मस नहीं हुईं। मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने।
बाद में सोनिया ने अपनी आत्मकथा में कहा कि उनका मन पहले से साफ था कि वो प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी लेकिन ये वो पल था जब वो बन सकती थीं। विदेशी मूल के सवाल के बाद भी। अगर वो बन जातीं तो क्या होता, ये आज कोई नहीं कह सकता लेकिन वो बन सकती थीं, उस दिन। तब किसी ने उनका विरोध नहीं किया था। सहयोगी दलों ने भी नहीं। फिर भी वो नहीं बनीं। प्रधानमंत्री की वो कुर्सी जिसको पाने के लिये नेता क्या क्या नहीं करते, किसकी पीठ में छुरा नहीं घोंपते, किन्तु सोनिया ने वो पद ठुकरा दिया था।
ये पहला वाकया नहीं था। राजीव गांधी की मौत के बाद सोनिया के पास पूरी कांग्रेस गई थी। उनसे नेहरू गांधी परिवार की विरासत संभालने का आग्रह किया गया। ज़ोर डाला गया पर वो नहीं मानीं। उस वक्त भी अगर वो तैयार हो जाती तो कौन जाने वो देश की प्रधानमंत्री बन जातीं लेकिन नहीं बनी। दो दो बार। उन्होंने सत्ता को ठोकर मारी, क्यों? इसका जवाब सोनिया ने अपनी किताब में देने की कोशिश की है लेकिन सवाल ये नहीं है कि वो क्यों नहीं बनी। सवाल ये है कि उनके पास मौके थे पर वो नहीं बनी।
लालच, सत्ता लोलुपता आदमी से क्या क्या नहीं करवाती है। सोनिया ने छोटापन नहीं दिखाया। यहां तक कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद वो राजीव के भी प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थी। वो एक सामान्य ज़िंदगी जीना चाहती थी। वो जितना सत्ता को ठोकर मारती गई, सत्ता उतना ही उनके करीब आती गई। कांग्रेस को बचाने के लिये वो पार्टी की अध्यक्ष बनीं और राहुल के अध्यक्ष बनने तक कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष बने रहने का रिकॉर्ड भी बनाया। उनका जीवन और सार्वजनिक मंच पर उनका कंडक्ट हमेशा बहुत डिग्नीफाइड रहा। और यहीं इंदिरा गांधी की दूसरी बहु मेनका गांधी मात खा गईं। सोनिया आज भी पार्टी में आखिरी शब्द हैं और मेनका कहीं नहीं। भाजपा ने मेनका का इस्तेमाल किया नेहरू गांधी परिवार को चिढ़ाने के लिये लेकिन कभी वो सम्मान नही दिया जो सोनिया को कांग्रेस में मिला।
सोनिया की खासियत यह नहीं थी कि वो नेहरू गांधी परिवार से जुड़ी। उनकी खासियत ये थी कि वो उस परिवार की ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिये कुछ भी कर सकती थीं। राजीव की मौत के बाद उनके पास विकल्प था कि वो इटली चली जाये लेकिन वो यहीं टिकी रही। पूरे परिवार को संभाले हुए। एक भारतीय से ज्यादा। राजनीति में उनकी समझ कितनी थी, ये बताने की ज़रूरत नहीं। सीताराम केसरी को अध्यक्ष पद से हटाने में उनकी कितनी भूमिका थी, ये किसी को नहीं मालूम लेकिन केसरी अगर अध्यक्ष बने रहते तो कांग्रेस का समूल नाश निश्चित था। कांग्रेस को तब वही चला सकता था जो सत्ता से अपने को ऊपर रखता। केसरी राजनीतिज्ञ थे लेकिन वो अपने को पार्टी की अंदरूनी राजनीति से ऊपर नहीं रख पाये। सोनिया ने खुद को पार्टी से ऊपर रखा और कभी ये इंप्रेशन नहीं दिया कि वो सत्ता के पीछे भागे रही हैं या वो प्रधानमंत्री बनने की रेस में हैं।
सोनिया की जगह कोई और होता तो नेता उनको एक पल टिकने नहीं देते। सोनिया समझदार थी। उन्होंने सत्ता से दूर अपना एक गरिमामय किरदार पेश किया, जो उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनी। गांधी ने भी तो यही किया था। वो राजनीति में थे लेकिन हमेशा तिकड़मी राजनीति से खुद को दूर रखा, सत्ता की दौड़ से दूर। वो सत्ता से जितना दूर जाते गये, उतना ही वो ताकतवर होते गये। पूरे राजनीतिक जीवन में उनसे एक गलती हुई। जब उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की पहली सरकार गिरने के बाद 272 सीट होने का दावा किया था। तब मैं राष्ट्रपति भवन के प्रांगण मौजूद था। बाद में मुलायम सिंह यादव ने समर्थन देने से इन्कार कर दिया। सोनिया ने यहां से राजनीति का सबसे अहम पाठ सीखा। अपने पत्ते कभी भी मत खोलो। लोगों को सुनो और फिर सलाह मशविरा कर के अपना फैसला सुना दो।
सोनिया भारत की राजनीति में आउटसाइडर थी। भारत के बंद सामंतवादी समाज में खुद को स्वीकार करवाना आसान नहीं था। खासकर राजनीति में। ये तलवार की धार पर चलने जैसा था। एक मासूम सी गलती उनके पूरे किरदार को खत्म करने के लिये काफी थी। एक तरफ कमजोर होती कांग्रेस को संभालना था, दूसरी तरफ परिवार की विरासत को भी आगे बढ़ाना था। कांग्रेस को बिखरने नहीं दिया। और 2014 के बाद जब परिवार को चारों तरफ से घेर लिया गया तो भी वो अडिग खड़ी रही। पहले लोगों को लगा कि राहुल को आगे कर उन्होंने बड़ी गलती की। शायद पुत्र मोह में फंस गई लेकिन अब ये लगता है कि उनका फैसला सही था। राहुल उस परिवार के सही उत्तराधिकारी हैं। सांप्रदायिक शक्तियों से लड़ने के लिये जिस जज़्बे और साहस की ज़रूरत होनी चाहिये, वो उनमें भरपूर है। कमजोर दिल का आदमी या औरत मोदी और शाह की भाजपा से नहीं लड़ सकता। ऊपर से आरएसएस की विचारधारा।
जो काम अरबों रुपये खर्च कर नहीं किया जा सकता, वो सोनिया ने अपनी आत्मकथा लिख कर कर दिया है। वो कैसे राजनीति में आई, ये पूरा वर्णन भाजपा के हिन्दुत्व को एक बड़ी चुनौती है। महाभारत के पाठ और गीता के सबक ने उनका मन बदला। और फिर वो अर्जुन की तरह राजनीति में कूद पड़ी। बिना फल की चिंता किए। शायद राहुल को भी यही संदेश है कि युद्ध और ज़िंदगी की जंग में फल ही सब कुछ नहीं होता। ध्येय की पवित्रता महत्वपूर्ण है। और उसके लिए अगर अपमानित भी होना पड़े तो भी फिक्र नहीं।
देश बहुत कठिन दौर से गुज़र रहा है। और इस देश को वही बचा सकता है जो विचारधारा से समझौता किये ब़गैर जूझता रहे। कुर्सी की दौड़ में शामिल छोटे-छोटे क्षेत्रीय दलों से उम्मीद करना बेकार है। ये कभी भी सत्ता से खुद को बचाने के लिये कोई भी समझौता कर सकते हैं। देश को एक मज़बूत शख्सियत की ज़रूरत है। ऐसे में सोनिया का राहुल के पीछे खड़े होना, राजनीति से संन्यास के बाद की राजनीति है और सही राजनीति है। अब देश को तय करना है।

