पंजाब में पाकिस्तान के तार: ड्रोन से आते थे हेरोइन और हथियार, जिगाना पिस्टल बरामद

मोहाली, 10 नवंबर - पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के इशारे पर ड्रोन के जरिये सीमा पार से हेरोइन मंगवाकर मोहाली, चंडीगढ़ और ट्राइसिटी में सप्लाई करने वाले गिरोह का मोहाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सीआईए स्टाफ खरड़ की टीम ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और एक क्रेटा कार बरामद की है। पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपियों के पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के संपर्क में होने की बात सामने आई है।

एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि सात नवंबर को सीआईए स्टाफ की टीम खरड़ इलाके में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फिरोजपुर जिले से संबंधित चार युवक नशे और अवैध हथियारों की तस्करी करते हैं। आरोपी क्रेटा कार में सवार होकर मोहाली के अलग-अलग इलाकों में नशा और हथियार सप्लाई करने आते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया।

#पंजाब