दीवाली पर मान सरकार का पंजाब में कंप्यूटर शिक्षकों को बड़ा तोहफा!
चंडीगढ़, 7 नवंबर - दीवाली के पावन अवसर पर पंजाब की भगवंत मान सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि सरकार ने 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों के महंगाई भत्ते में 40% की ऐतिहासिक वृद्धि की है। मुख्यमंत्री मान ने बताया कि 6,507 कंप्यूटर शिक्षकों का महंगाई भत्ता (DA) 181% से बढ़ाकर अब 221% कर दिया गया है। इस फैसले से राज्य भर के कंप्यूटर शिक्षकों को सीधा वित्तीय लाभ मिलेगा और दीवाली के मौके पर उनके वेतन में बड़ी बढ़ोतरी होगी।
इसके अलावा समग्र शिक्षा अभियान के तहत काम कर रहे 1,007 नॉन-टीचिंग कर्मचारियों को लेकर भी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जिन्हें कुछ समय पहले पक्का किया गया था अब उन्हें वेतन संबंधी पूरा लाभ देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी कर्मचारियों को दीवाली की बधाई देते हुए कहा, "हमारी सरकार अपने कर्मचारियों के कल्याण और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।" उन्होंने अपने संदेश का अंत 'इंकलाब जिंदाबाद' के साथ किया।

