गैंगस्टरों की चुनौती

इथोपिया से गैंगस्टर अ़फरीदी को भारत लाना सरकार की एक बड़ी सफलता मानी जा सकती है। इस समाचार से एक बार फिर देश और पंजाब में फैले गैंगस्टरवाद का मामला चर्चा का केन्द्र बिन्दु भी बन गया है। नशे और गैंगस्टरवाद ने विगत लम्बी अवधि से पंजाब को बड़ी चुनौती दी हुई है। सभी वर्गों के समर्थ लोग इस कारण अभी भी बेहद परेशानी से गुज़र रहे हैं। गिरफ्तार गैंगस्टर अ़फरीदी का नाम गुरविन्दर सिंह है। यह डोनी बल गैंग का प्रमुख सरगना है। पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने इस संबंध में बताया कि इस गैंगस्टर को पकड़ने के लिए 10 महीने से कार्यवाही चल रही थी। विश्व भर के देशों में इसे ढूंढा गया था। 
प्राप्त विवरण के अनुसार वह मार्च, 2025 को मुम्बई हवाई अड्डे से संयुक्त अरब अमीरात को जाली पासपोर्ट बनाकर भाग गया था और विभिन्न देशों से होता हुआ इस महीने इथोपिया पहुंचा था। इस पर बड़ा इनाम रखा गया था। पंजाब पुलिस और केन्द्रीय एजेंसियों ने मिलकर उसकी तलाश की थी। यह गैंगस्टर विदेशों में बैठ कर आपराधिक नैटवर्क चला रहा था। उस पर हत्या, फिरौती, आम्ज़र् एक्ट व अन्य कई तरह के 30 से अधिक मामले दर्ज किए गए थे। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इन गैंगस्टरों के नैटवर्क संबंधी बात करते हुए कहा कि पिछले 6 महीनों के दौरान विदेशों से 17 गैंगस्टरों को भारत वापस लाया जा चुका है और यह अभियान लगातार जारी है। पुलिस प्रमुख ने इस संबंध में और बताया कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ की कार्यवाही लगातार जारी है। पुलिस ने इस दौरान 523 ठिकानों पर छापेमारी की है। 174 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 83,000 से अधिक है। उन्होंने यह भी दावा किया प्रदेश के गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से ही विगत लम्बी अवधि से यह योजनाबद्ध कार्यवाही की जा रही है, जो कि 20 जनवरी, 2026 को शुरू की गई थी। इसी तरह उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ के नाम तहत शुरू की गई कार्यवाही में अब तक 90,000 से भी अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इसी क्रम में बड़ा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई वर्ष 2015 से जेल में बंद है, उसके भाई अनमोल बिश्नोई को भी अमरीका से यहां लाया गया है।
यह सब कुछ अंतर्राष्ट्रीय तालमेल और अंतर्राज्यीय सहयोग से ही किया जा रहा है, परन्तु आश्चर्यजनक बात यह है कि पंजाब सरकार द्वारा इस प्रकार की गईर्ं कड़ी कार्यवाहियों के बावजूद अभी भी गैंगस्टरों की चुनौती बनी हुई है, जिस कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आज गैंगस्टरवाद की लाहनत को प्रदेश से खत्म करना एक ऐसी बड़ी चुनौती है, जिस पर जीत प्राप्त करना समूचे समाज, प्रशासन और सरकार की बड़ी ज़िम्मेदारी है। ज़रूरत इस बात की है कि प्रदेश के माथे पर लगे इस कलंक को प्रत्येक परिस्थिति में मिटाया जाए।

—बरजिन्दर सिंह हमदर्द

#गैंगस्टरों की चुनौती