हरियाणा में बना 1857 की क्रांति का गौरवमय स्मारक
हरियाणा के अम्बाला छावनी में 1857 की आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक का निर्माण किया गया है। इस शहीद स्मारक का लोकार्पण देश के गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवम्बर 2026 को किया। सरकार ने दावा किया है कि 22 एकड़ में फैला यह शहीद स्मारक एशिया का सबसे बड़ा और 1857 की क्रांति को समर्पित देश का पहला शहीद स्मारक है। इस स्मारक के अंदर अम्बाला छावनी से शुरू होकर देश के विभिन्न हिस्सों में लड़ी गई आजादी की लड़ाई के प्रमुख घटनाक्रमों को पुननिर्मित कर प्रदर्शित किया गया है। इस शहीद स्मारक में कुल 22 गैलरियां बनाई गई हैं, जिनमें 1857 की क्रांति, क्रांतिकारियों के संघर्ष और उनके बलिदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है। इस शहीद स्मारक को बनवाने में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल विज की मुख्य भूमिका रही है। इस शहीद स्मारक को बनाने की मांग सबसे पहले अम्बाला छावनी के विधायक और मौजूदा ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार के समय विधानसभा में उठाई थी। हुड्डा सरकार जाने के बाद प्रदेश की मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में खुद अनिल विज मंत्री बन गए और विज की इस मांग को पूरा करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस स्मारक का शिलान्यास किया। उसके बाद मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में यह स्मारक मुकम्मल हो गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस स्मारक के निर्माण का पूरा श्रेय सीएम नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व मंत्री अनिल विज को ही दिया है। अनिल विज ने 1857 की क्रांति और आजादी की लड़ाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक तथ्यों का खुलासा करते हुए कहा कि इस क्रांति में भारतीय सैनिकों और आजादी के लिए लड़ने वाले वीरों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहूति दी थी।
135 भारतीय सैनिक हुए थे शहीद
अम्बाला छावनी में 1857 के दौरान पांचवीं और 60वीं नेटिव इन्फेंटरी के सैनिकों के साथ हुई कार्रवाई में परेड ग्राऊंड पर महज 10 मिनट के भीतर 135 भारतीय सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया गया था। आजादी की पहली लड़ाई शहीद स्मारक-1857 के निर्माण से जुड़े शोध के दौरान अनेक ऐसे सरकारी दस्तावेज सामने आए हैं, जिनमें भारतीय सैनिकों और क्रांतिकारियों के अद्वितीय बलिदान तथा संघर्ष की ऐसी अनसुनी कहानियां दर्ज हैं, जो अब तक इतिहास के पन्नों में उचित स्थान नहीं पा सकी थीं। अम्बाला छावनी में शहीद स्मारक बनाने का प्रमुख आधार अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त इतिहासकार डॉ. के.सी. यादव द्वारा अपने शोध के दौरान प्रस्तुत तथ्य हैं। डॉ. यादव के शोध अनुसार 1857 की क्रांति, जिसे अंग्रेजों ने म्यूटिनी यानि सैनिक विद्रोह कहा था, मेरठ से करीब 9 घंटे पहले अम्बाला छावनी में शुरू हो गई थी। उन्हाेंने बताया कि 10 मई 1857 को अम्बाला छावनी की 5वीं व 60वीं नेटिव इन्फेंटरी के सैनिक मेरठ से करीब 9 घंटे पहले सुबह हथियार लेकर अपनी बैरकों से बाहर आ गए थे। ये तथ्य इस बात की ओर संकेत करते हैं कि 1857 के विद्रोह के इतिहास में अम्बाला छावनी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। राष्ट्रीय लेखागार से मिले इतिहास दस्तावेजों के अनुसार 1857 में अम्बाला छावनी में 5वीं और 60वीं नेटिव इन्फेंटरी के सैनिकों को परेड ग्राऊंड में बुलाया गया था। इसी दौरान कथित तौर पर किसी सैनिक ने ‘फ्लाई’ यानि भागने का नारा लगाया, जिसके बाद अंग्रेज सैनिकों ने उन पर गोलियां चला दीं और इस घटना में मात्र 10 मिनट के भीतर 135 सैनिक मारे गए, 33 को बंदी बना लिया गया और करीब 40 सैनिक भागने में सफल रहे।
भंग हुईं अनेक रेजिमेंट
1857 की क्रांति को आजादी की पहली लड़ाई कहने का एक महत्वपूर्ण आधार यह भी है कि इसके बाद अंग्रेजों ने अपनी बंगाल आर्मी की अधिकांश भारतीय रेजिमेंटों को भंग कर दिया था। इस बारे में ऐतिहासिक दस्तावेज मौजूद हैं। अंग्रेजी दस्तावेजों के हवाले से कहा गया कि 1857 के विद्रोह के बाद बंगाल आर्मी की 74 नेटिव इन्फेंटरी रेजिमेंटों में से 54 को भंग कर दिया गया था और 15 रेजिमेंटों को हथियार रहित कर दिया गया था। इन रेजिमेंटों में से सिर्फ 3 को ही वफादार माना गया, जबकि सभी 10 रेगुलर लाईट कैवेलरी रेजिमेंट को भंग कर दिया गया, क्योंकि इन रेजिमेंटों ने अंग्रेजों के खिलाफ हथियार उठा लिए थे। अम्बाला छावनी में 5वीं और 60वीं नेटिव इन्फेंटरी और चौथी कैवेलरी को भी बाद में भंग कर दिया गया था। सरकारी दस्तावेजों में इन सैन्य इकाइयों के आगे म्यूटिनस यानि विद्रोही होने का उल्लेख मिलता है।
1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ हथियार उठाने वाले अनेक वीरों को फांसी दी गई और कई क्रांतिकारियों को पेड़ों से बांध कर गोलियां मारी गई। अम्बाला में काली पलटन के नजदीक भी एक ऐसे स्थान का उल्लेख मिलता है, जहां क्रांतिकारियों को पेड़ाें से बांध कर गोलियां मारने की घटना से जुड़ी जानकारी सामने आती है। इन वीरों के बलिदान को लम्बे समय तक वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। इस कमी को दूर करने के लिए स्मारक में एक विशेष गैलरी बनाई गई है, जो उन गुमनाम नायकों को समर्पित होगी, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। इन गैलरियों के जरिए अम्बाला छावनी, थानेसर, रोहतक, रेवाड़ी, मेरठ, दिल्ली और झांसी में हुए शहीदों व देश भर में हुई विभिन्न क्रांतियों को दर्शाया गया है। हरियाणा के राव तुलाराम, झांसी की रानी, तांत्या टोपे ने भी आजादी के लिए संघर्ष किया। इन सबको सामने रखते हुए अम्बाला छावनी में राष्ट्रीय स्तर का स्मारक बनाया गया है।
इतिहासकारों की कमेटी
इस स्मारक का निर्माण करने से पहले देश के प्रमुख इतिहासकारों की एक कमेटी गठित की गई थी और उनके सहयोग से व्यापक शोध किया गया था। इस प्रक्रिया में करीब 700 शहीदों के नाम संकलित किए गए, जिन्हें स्मारक में सुनहरे अक्षरों में अंकित किया गया। प्रत्येक क्रांतिकारी का नाम, पिता का नाम और गांव का नाम भी दर्ज किया गया है। स्मारक के उद्घाटन के बाद भी अगर शोध अथवा सामाजिक स्तर पर प्रमाणों के आधार पर अन्य शहीदों के नाम सामने आते हैं, तो उन्हें भी इसमें शामिल किया जाएगा। स्मारक में गुमनाम क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष गैलरी बनाई गई है। इसमें एक समय में करीब 40 लोग खड़े होकर शहीदों को श्रद्धांजलि दे सकेंगे। श्रद्धांजलि देने की प्रक्रिया को विशेष तकनीक से जोड़ा गया है, जिसके तहत श्रद्धांजलि अर्पित करने पर एक ज्योति प्रज्जवलित होगी, जो आकाश की ओर उठती दिखाई देगी। इसके साथ ही श्रद्धांजलि देने वाले व्यक्ति का नाम भी रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां यह जान सकें कि उनके पूर्वजों ने भी इन गुमनाम शहीदों को सम्मान और श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इस शहीद स्मारक में 63 मीटर ऊंचा कमल का फूल बनाया गया है, जिसमें दो हाई स्पीड लिफ्ट लगाई गई हैं। स्मारक परिसर में हैलिपेड भी बनाया गया है, ताकि विदेशों से आने वाले विशिष्ट अतिथियों और अति महत्वपूर्ण लोगों को यहां लाया जा सके। जिस प्रकार विदेशी मेहमानों को देश के अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करवाया जाता है, उसी प्रकार अम्बाला के इस शहीद स्मारक को भी दिखाया जा सकेगा।
-मो.-9855465946
ईमेल : ramsinghbrar@gmail.com



