मधुमेह और आंखें : समय पर जांच से अंधेपन से बचाव संभव
आज विश्व मधुमेह दिवस पर विशेष
हर वर्ष 14 नवम्बर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को मधुमेह की रोकथाम, समय पर पहचान और इसके कारण होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना है।
भारत में मधुमेह एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। रक्त में शर्करा की मात्रा लम्बे समय तक अधिक रहने से हृदय, गुर्दों, नसों और आंखों को गंभीर नुकसान हो सकता है।
मधुमेह आंखों को कैसे प्रभावित करता है?
मधुमेह के कारण आंख के पर्दे की छोटी रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। इस बीमारी को डायबिटिक रेटिनोपैथी कहा जाता है।
शुरुआती अवस्था में अक्सर कोई लक्षण नहीं होते और दृष्टि सामान्य बनी रह सकती है। बीमारी बढ़ने पर धुंधला दिखाई देना, आंखों के सामने काले धब्बे तैरनाए, पर्दे में रक्तस्राव या अचानक दृष्टि कम होना जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
मधुमेह से रेटिना के केंद्रीय भाग में सूजन समय से पहले मोतियाबिंद और कुछ प्रकार के काला मोतिया का खतरा भी बढ़ जाता है।
बचाव और उपचार
टाइप-2 मधुमेह का पता चलते ही आंखों के पर्दे की विस्तृत जांच करवानी चाहिए। सामान्यत: हर वर्ष या नेत्र विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार जाँच आवश्यक है।
रक्त शर्करा, रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखें। संतुलित भोजन करें, नियमित व्यायाम करें, वजन नियंत्रित रखें और तंबाकू से दूर रहें।
आज रेटिना लेज़र आंख के भीतर लगाए जाने वाले इंजेक्शन और विट्रियोरेटिनल सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीकों से अनेक रोगियों की दृष्टि सुरक्षित रखी जा सकती है।
याद रखें : स्पष्ट दिखाई देना इस बात की गारंटी नहीं है कि आंख का पर्दा स्वस्थ है। दृष्टि कम होने का इंतज़ार न करें।
बचाव कैसे करें?
मधुमेह की बीमारी को गम्भीरता से लेने तथा आंखों की समय पर जांच करवाने, जागरुकता तथा सही समय पर इलाज से मधुमेह के कारण होने वाले अंधेपन को काफी हद तक रोका जा सकता है।

