लोकतंत्र में प्रैस की भूमिका और दायित्व

आज के लिए विशेष

लोकतंत्र में ‘चौथे स्तम्भ’ के रूप में जाना जाने वाला प्रैस  वर्तमान परिप्रेक्ष्य में अपनी भूमिका से समाज व राष्ट्र की नई दिशा देने में कितना कामयाब हुआ हैं, इसकी व्याख्या तो सचमुच करोड़ों पाठक ही करते आए हैं। यह गत शताब्दी से एक बहस का मुद्दा हैं। पत्रकारिता अथवा प्रैस सामाजिक चेतना के लिए हैं, जिससे जन चेतना को सामूहिक चेतना के माध्यम से मानवता की भलाई व राष्ट्र के विकास हेतु प्रयोग में लाया जाये। आज इतिहास ने अपनी कलम के जादू से वो कर दिखाया जो शायद राजनीति के पुरोधा भी नहीं कर सके। वर्तमान भारतीय परिदृश्य में प्रैस का जिस तरह से प्रसार व चेहरा-मोहरा परिलक्षित हो रहा है, वह महज एक दिन की संरचना नहीं है, बल्कि इसके पीछे संघर्षों से भरा एक लंबा इतिहास है।
हमारे देश में प्रैस की भूमिका व इससे जुड़े लोगों ने जिस तरह से अपनी भूमिका का निर्वाह किया है वह निश्वित तौर पर समूची दुनिया में अनुकरणीय उदाहरण है। आज़ादी की लड़ाई के लिए यदि प्रैस इतना ईमानदार और मिशन के तौर पर अपनी महत्ती भूमिका न निभाता तो शायद भारत को आज़ादी के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ता। आम जनता को जागृत करने के लिए प्रैस की जो अहमियत है उसे स्वीकारना वक्त का तकाजा है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि पूरी दुनिया में प्रैस की धार ने विश्व के नक्शे को बदला है तो कई सत्तासीन राजनीतिज्ञों को तख्तापलट का आईना भी दिखाया है। बहरहाल प्रैस की आज़ादी और इससे जुड़े सामाजिक सरोकारों की रक्षा के लिए समूचे विश्व में में आवाज़ उठती रही है, जो आज भी जारी है। भारतीय संदर्भ में देखें तो यह स्पष्ट है की यहा पर वर्तमान में राजनीतिक दलों द्वारा सत्ता संघर्ष का जो खेल खेला जा रहा है, उसका पर्दाफाश मीडिया ही कर सकता है। संसद में आज तक घटी घटनाएं व आये दिनों होने वाले घोटालों का ज़िक्र करें तो उसके पीछे प्रैस की पैनी धार ही है।
इस दशक में भारतीय प्रैस ने जिस भूमिका का निर्वाह किया वह एक सजग प्रहरी की भूमिका से कम नहीं आंकी जा सकती है। आज़ादी के 75 वर्ष बाद प्रैस का रंग-रूप बदलता गया, साथ ही सुविधाओं में भी इजाफा हुआ और प्रैस एक उद्योग के रूप में पनपता जा रहा है। इसे देखकर लगता है कि अब पाठकों की प्राथमिकता भी यही हैं। बदलाव की इस प्रक्रिया में छोटे व मझोले अखबारों में होड़-सी लग गयी है। इन सबके बावजूद पत्रकारिता वही सही है जो देश वासियों के हित से बंधी रहे। गत दो दशकों में सोशल मीडिया और इंटरनेट के विस्तार वाद ने सम्पूर्ण परिदृश्य बदल कर रख दिया है। समाचारों की दुनिया का तेज़ी से विस्तार हुआ है, लेकिन फेक न्यूज़ का सिलसिला ऐसा चल निकला है कि समाज में उथल-पुथल मचाने हेतु यह काफी है। इससे लोकतंत्र के बुनियादी मूल्यों के समक्ष खतरा मंडराने लगा है। प्रश्न यह उठता हैं कि फेक न्यूज़ को सही खबर से कैसे पृथक किया जाये?
वर्तमान दौर में बात इतनी सी ही है कि प्रैस की भूमिका मानवता की भलाई हेतु कैसे आगे आए व जन चेतना को सामूहिक सहयोग से कैसे जोड़ा जाय, जिससे प्रैस की विश्वसनीयता पर उंगली न उठे। आज सम्पादकों व प्रकाशकों का दायित्व बनता हैं कि वे जन मानस को प्रभावित करने के उद्देश्य का निर्धारण करें ताकि समाज व राष्ट्र की आधारशिला मज़बूत हो। राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति कर्त्तव्य-भावना का बोध करा कर जन हर तरह से उन्नति की ओर अग्रसर हो। बदलते माहौल में आज प्रैस उद्योग जनहित के बजाए अर्थहित होने लगा है। 
आज पत्रकारिता को आत्मपरीक्षण करना चाहिए कि उसका मूल लक्ष्य देशहित ही है। गत दो दशकों में फैले इंटरनेट के जाल ने पूरा परिदृश्य ही बादल कर रख दिया है। (एजेंसी)

#लोकतंत्र में प्रैस की भूमिका और दायित्व